72 घंटे में सराफा लूटकांड का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
अकोला पुलिस की बड़ी सफलता

* किराए से कमरा लेकर की रेकी, पिस्टल समेत 25.58 लाख रुपए का माल जब्त
अकोला/दि.13- शहर के चर्चित श्री सप्तश्रृंगी ज्वेलर्स सराफा लूटकांड का अकोला पुलिस ने मात्र 72 घंटों में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है. दिनदहाड़े पिस्टल के दम पर लाखों रुपये के स्वर्ण-रजत आभूषण और नकदी लूटने वाले आरोपी को स्थानीय अपराध शाखा ने नाटकीय कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विदेशी बनावट का देशी कट्टा, लाखों रुपये के आभूषण सहित कुल 25 लाख 58 हजार 200 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है
जानकारी के अनुसार 7 मई को श्री सप्तश्रृंगी अलंकार केंद्र के संचालक जितेंद्र भास्करराव विसपुते (54), निवासी युसुफ अली खदान, महादेव मंदिर के सामने, अकोला ने खदान पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि दोपहर करीब 12.45 से 1 बजे के बीच एक अज्ञात युवक दुकान में घुसा और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए सोने-चांदी के आभूषण तथा 75 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गया. लूटे गए माल की कुल कीमत लगभग 69 लाख 90 हजार रुपये बताई गई. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया.
* 580 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने तत्काल विशेष जांच दल गठित किया. उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटील के मार्गदर्शन में शहर डीबी और स्थानीय अपराध शाखा की अलग-अलग टीमें बनाई गईं. जांच के दौरान पुलिस ने अकोला शहर और अन्य क्षेत्रों के कुल 580 सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की. तकनीकी विश्लेषण, साइबर ट्रैकिंग और गुप्त मुखबिरों की सहायता से आरोपी की पहचान की गई.
* 700 किलोमीटर पीछा कर भुसावल से दबोचा आरोपी
लगातार जांच के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात को भुसावल निवासी रोहनसिंह सतनामसिंह बावरा ने अंजाम दिया है. आरोपी जामनेर रोड स्थित भिरूड अस्पताल के पीछे क्षेत्र का रहने वाला बताया गया. स्थानीय अपराध शाखा की टीमें तुरंत भुसावल रवाना हुईं. खडका रोड क्षेत्र में जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह खदान क्षेत्र में सरकारी गोदाम के पास किराए के कमरे में रह रहा था और चादर बेचने के बहाने इलाके की रेकी कर रहा था. आरोपी ने 7 मई को आदर्श कॉलोनी स्थित श्री सप्तश्रृंगी अलंकार केंद्र में पिस्टल के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की.
* लाखों के आभूषण और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 160 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 24 लाख रुपये है, तथा 440 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत 1 लाख 23 हजार 200 रुपये बताई गई है, बरामद किए. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल विदेशी बनावट का देशी कट्टा भी जब्त किया गया. कुल बरामद माल की कीमत 25 लाख 58 हजार 200 रुपये आंकी गई है. पुलिस के अनुसार शेष माल की बरामदगी के लिए जांच जारी है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 16 मई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.
* पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक तथा अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई. अभियान में पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके, सहायक पुलिस निरीक्षक विजय जाधव, उपनिरीक्षक विष्णु बोडखे, माजीद पठाण सहित स्थानीय अपराध शाखा, साइबर विभाग और शहर डीबी टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.





