शादी का झांसा देकर महिला का लैंगिक शोषण
पति से करवाया तलाक, शादी करने कोर्ट नहीं पहुंचा

* नांदगांव पेठ पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती /दि.13- अमरावती में शादी का झूठा वादा कर महिला को उसके पति से तलाक लेने लगाया और उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी युवक का नाम विशाल बडासे (35) है.
शिकायत के अनुसार, महिला और आरोपी विशाल की पहचान कुछ समय पहले हुई थी. इसके बाद दोनों फोन पर लगातार संपर्क में रहे और कई बार एक-दूसरे से मिले भी. महिला को आरोपी की जाति के बारे में जानकारी थी. आरोपी लगातार महिला पर अपने पति से तलाक लेने का दबाव डालता था. आरोपी के कहने पर महिला ने अक्टूबर 2025 में अपने पति से तलाक ले लिया. पीड़िता ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को आरोपी उसे एक स्थान पर ले गया, जहां दोनों ने शादी को लेकर बातचीत की. इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद भी महिला जब-जब शादी की बात करती थी, आरोपी उसे आश्वासन देता रहा. बाद में आरोपी उसे भुसावल भी ले गया, जहां दोनों दो-तीन दिन साथ रहे. महिला का आरोप है कि आरोपी उसे लगातार शादी का भरोसा देता रहा. दोनों ने शादी को लेकर सलाह भी ली और कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया शुरू की. कोर्ट की तारीख 12 मई तय हुई थी. तय तारीख पर महिला कोर्ट पहुंची, लेकिन आरोपी वहां नहीं आया. महिला ने आरोपी को कई बार फोन किया. तब आरोपी विशाल ने कहा कि उसके परिवार वाले दूसरी जाति में शादी के खिलाफ हैं, इसलिए वह शादी नहीं कर सकता. इसके बाद महिला को एहसास हुआ कि आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विशाल बडासे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. मामले की आगे जांच जारी है.





