बकरी ईद से पहले गोवंश की टैगिंग करने के निर्देश

अमरावती/दि.15– बकरी ईद के दौरान गोवंश की बलि रोके जाने के उद्देश्य से पशुसंवर्धन विभाग द्वारा गोवंश की टैगिंग करने तथा महानगरपालिका स्तर पर इसके संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने दिए.
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्राणी क्लेश समिति की बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे तथा पशुसंवर्धन उपायुक्त डॉ. संजय कावरे उपस्थित थे. जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने कहा कि गोवंश की हत्या पर प्रतिबंध है और जिले में कोई अधिकृत कत्लखाना नहीं होने के कारण अवैध कटाई रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि नियमों के विरुद्ध गोमांस रखना अथवा अन्य राज्यों से गोमांस का परिवहन करना अपराध है. गोवंश की अवैध ढुलाई रोकने के लिए शहर में आठ स्थानों पर जांच चौकियां स्थापित की गई हैं. गोवंश परिवहन के लिए निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि गोवंश की अवैध कटाई रोकने के साथ-साथ पशुओं का टीकाकरण और आहार योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना भी आवश्यक है. महानगरपालिका क्षेत्र में बिना टैग वाले पशुओं की टैगिंग के लिए जनजागृति अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए. इसके बाद भी जिन पशुओं की टैगिंग नहीं होगी, उन्हें गोरक्षण संस्थाओं में भेजा जाएगा. बकरी ईद के मद्देनजर अवैध पशु परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने, न्यायालय में मामला लंबित रहते जब्त वाहनों को न छोड़े जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने तथा पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी जिलााधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए.





