इंधन बचत के लिए नितिन गडकरी का बड़ा फैसला

काफिले की गाड़ियां आधी, बस से करेंगे यात्रा

नागपुर/दि.14 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के सबसे सक्रिय मंत्री के रूप में पहचाने जाने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी के ईंधन बचत और राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े आह्वान का सकारात्मक जवाब दिया है.
* ईंधन बचत के लिए पहल
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 14 और 15 मई को होने वाले संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग परियोजनाओं के निरीक्षण दौरे के दौरान एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा के लिए ईंधन बचत के आह्वान को ध्यान में रखते हुए गडकरी ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या आधी करने के आदेश दिए हैं. केंद्रीय मंत्री के इस फैसले की प्रशासन और नागरिकों में चर्चा शुरू हो गई है.
* अधिकारियों, पत्रकारों के साथ बस यात्रा
इस दौरे में गडकरी सुरक्षा कर्मियों, अधिकारियों और पत्रकारों के साथ बस से यात्रा करेंगे. राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजे गए पत्र में उन्होंने यह निर्णय स्पष्ट किया है. ईंधन की बर्बादी को रोकना समय की जरूरत है, यह बताते हुए उन्होंने सादगी के जरिए संदेश देने की कोशिश की है. केंद्रीय मंत्री के काफिले से होने वाली भीड़ और यातायात बाधा को कम करने का भी इस निर्णय के पीछे उद्देश्य बताया जा रहा है.
* ट्रैफिक जाम कम होने की उम्मीद
मंत्रियों के काफिलों के कारण शहरों में ट्रैफिक जाम की घटनाएं अक्सर होती हैं. लेकिन गडकरी के इस निर्णय से सड़कों पर दबाव कुछ हद तक कम होने की संभावना जताई जा रही है. विशेष रूप से पालखी मार्ग परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त और वाहनों की भीड़ से बचा जा सकेगा, ऐसा प्रशासनिक सूत्रों ने बताया. इससे आम नागरिकों की यात्रा और आसान होने की उम्मीद है.

Back to top button