मेडशी बाइपास बना खूनी हादसे का गवाह, सडक हादसे में दो की मौत
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, अंडरपास की मांग पर आक्रोश

मालेगांव/दि.18- नांदेड-अकोला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 161 पर स्थित मेडशी बाइपास एक बार फिर खूनी हादसे का गवाह बना. शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और नागरिकों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमएच-04/एयू-1760 वाशिम से अकोला की ओर जा रहा था. शनिवार 16 मई की रात करीब 8.45 बजे मेड़शी बाइपास स्थित होटल सरपंच के सामने ट्रक ने मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-28/एसी-4837 को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में राजुरा निवासी पुरुषोत्तम उर्फ बबन पंजाब राऊत (32) गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं सत्तार खां अलियार खां पठाण (35) ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. उपचार के दौरान रविवार को पुरुषोत्तम राऊत की भी मौत हो गई.
दुर्घटना के बाद आसपास के नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरु किया. दोनों घायलों को एंबुलेंस से अकोला के अस्पताल भेजा गया था. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि मेड़शी बाइपास पर आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं. यहां अंडरपास निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है. इस मांग को लेकर नागरिक रास्ता रोको आंदोलन भी कर चुके हैं. बावजूद इसके संबंधित विभाग और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया.





