मनपा की आमसभा पर मंडरा रहा अनिश्चिता का खतरा

विधान परिषद चुनाव की घोषणा होते ही आचारसंहिता हुई लागू

* जिलाधीश कार्यालय सभी विभागों को जारी कर रहा पत्र
*परसों 20 मई को मनपा की आमसभा है प्रस्तावित
* आचार संहिता के चलते सभा होगी अथवा नहीं, तय नहीं
अमरावती/दि.18 – महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्बारा आज सुबह ही चुनाव करवाए जाने से संबंधित घोषणा की गई. यद्यपि चुनावी अधिसूचना आगामी 25 मई को घोषित होगी. लेकिन निर्वाचन आयोग द्बारा चुनाव को लेकर की गई घोषणा के साथ ही संबंधित जिलों में आदर्श आचारसंहिता लागू हो गई. क्योंकि अमरावती जिले में भी स्थानीय स्वायत्त निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के लिए चुनाव होना है. जिसके चलते आज सुबह से आगामी 22 जून तक अमरावती जिले में भी आदर्श आचारसंहिता लागू रहेगी. ऐसे में अब सभी का ध्यान इस बात की ओर लगा हुआ है कि परसों 20 मई को होनेवाले मनपा की आमसभा का आयोजन हो पाता है अथवा नहीं.
इस संदर्भ में जानकारी हेतु संपर्क किए जाने पर जिलाधीश कार्यालय के सूत्रों द्बारा बताया गया कि किसी भी चुनाव की घोषणा होते ही चुनावी आचारसंहिता भी लग जाती है तथा आचार संहिता की अवधि के दौरान किसी भी तरह के नीतिगत फैसले नहीं लिए जा सकते तथा जनहितकारी योजना को शुरू नहीं किया जा सकता. साथ ही इस दौरान जनप्रतिनिधियों को दिए जानेवाले लाभ व अधिकार भी सीमित कर दिए जाते हैं. इस बात के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी विभागों एवं कार्यालयोें को पत्र जारी किए जा रहे हैं.
विधान परिषद चुनाव के लिए चुनावी आचारसंहिता के लागू होते ही आगामी 20 मई को होनेवाली मनपा की आमसभा पर अब अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं और इस बात को लेकर उत्सुकता भी देखी जा रही है कि 20 मई को मनपा की आमसभा होती है या फिर इसे आचार संहिता काल के खत्म होने तक स्थगित किया जाता है.

Back to top button