पेट्रोल-डीजल की मांग में अचानक 30 प्रतिशत बढ़ोतरी

सीएम फडणवीस ने जताई ‘कुछ गड़बड़ होने’ की आशंका

* ईंधन की जमाखोरी रोकने के निर्देश, किसानों को पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने पर जोर
शिर्डी /दि.23- महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती मांग तथा कई क्षेत्रों में ईंधन संकट की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की मांग अचानक 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ गई है, जिससे कुछ गड़बड़ होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
शिर्डी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हर वर्ष ईंधन की आवश्यकता का अनुमान प्रशासन के पास रहता है, लेकिन अचानक इतनी अधिक मांग बढ़ना सामान्य नहीं माना जा सकता. उन्होंने संकेत दिए कि किसानों के नाम पर कहीं ईंधन की जमाखोरी तो नहीं की जा रही, इसकी जांच की जा रही है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय आयुक्तों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को खेती संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक डीजल समय पर उपलब्ध कराया जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.
सीएम फडणवीस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध न होने की शिकायतें सामने आई हैं, जिसे सरकार गंभीरता से ले रही है. राज्य सरकार ने ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री फडणवीस ने जानकारी दी कि कुछ जिलों में डीजल वितरण के दौरान वाहनों की आरसी बुक जांचने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को ही ईंधन उपलब्ध कराया जा सके और अनावश्यक भंडारण पर रोक लगाई जा सके. उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी प्रकार की बाधा न आए और अचानक बढ़ी मांग के बावजूद सामान्य नागरिकों तथा किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
* शिर्डी में रक्षा क्षेत्र के बड़े प्रोजेक्ट का उद्घाटन
इस बीच शिर्डी के निकट अहिल्यानगर जिले की सावलीविहीर औद्योगिक वसाहत में रक्षा क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण तोपगोला निर्माण परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथसिंह के हाथों किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल तथा पूर्व सांसद सुजय विखे पाटिल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. बताया जा रहा है कि इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. शिर्डी को अब धार्मिक नगरी के साथ-साथ रक्षा उत्पादन केंद्र के रूप में भी नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Back to top button