बबलू देशमुख फिर बने अमरावती ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष
कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

अमरावती/दि.23 – बबलू देशमुख को एक बार फिर अमरावती जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष चुने जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर बधाई दी.
बताया गया कि, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्यभर मे संगठन सृजन अभियान चलाया गया था. जिसके तहत केंद्रीय व राज्यस्तर के पर्यवेक्षकों ने विभिन्न जिलों का दौरा कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की तथा अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपी. अमरावती जिले से अधिकांश नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बबलू देशमुख को दोबारा जिलाध्यक्ष बनाये जाने की एकमत मांग रखी. पिछले 13 वर्षों से जिलाध्यक्ष के रुप में उनका कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वे पूर्व में अमरावती जिला परिषद के अध्यक्ष और अमरावती जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के पूर्वाध्यक्ष भी रह चुके है. संगठनात्मक नियमों से जुडी तकनीकी अडचनों के बावजूद आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए यशोमति ठाकुर और बलवंत वानखडे ने पार्टी नेतृत्व स्तर पर प्रयास कर कार्यकर्ताओं की मांग को मंजूरी दिलाने में अहम भूमिका निभाई. नियुक्ति के बाद उनके निवास पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान हरिभाउ मोहोड, श्रीकांत बोंडे पाटिल, मुकद्दर खान पठान, अभय देशमुख तथा शैलेश कालबांडे सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में सर्वेश खांडे, श्रेयश बरवे, संविधान मोहोड, सौम्या सोनार तथा उत्कर्ष देशमुख समेत बडी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद थे.





