शहर को बडी आसानी से किया जा सकता है स्वच्छ-सुंदर व हरा-भरा

स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने सामने रखी दो अनूठी संकल्पनाएं

* 22 दिन शहर के एक-एक प्रभाग में स्वच्छता को लेकर स्पेशल ड्राईव
* एक दिन में पूरे संसाधन झोंककर एक प्रभाग की पूरी तरह से हो साफ-सफाई
* 22 दिनों के दौरान पूरे शहर को बनाया जाए चकाचक व साफ-सुथरा
* बारिश के मौसम दौरान वन विभाग के साथ मिलकर मनपा चलाए वृक्षारोपण अभियान
* शहर में 300 से 400 स्थानों पर साकार हो जापानी पध्दति वाले बगीचे
* 1 लाख पौधे लगाकर किया जाए वृक्ष संवर्धन, शहर में जगह-जगह तैयार हो ग्रीन कॉर्नर
* आचार संहिता काल के समय का सदुपयोग करने की एड. देशपांडे ने कही बात
अमरावती/दि.25- अमरावती शहर में विगत लंबे समय से साफ-सफाई को लेकर जबरदस्त हो-हल्ला मचा हुआ है. साथ ही साथ अमरावती शहर में गर्मी के मौसम दौरान तापमान में जबरदस्त ढंग से आए उछाल के चलते लोगबाग भीषण गर्मी के मौसम से हैरान-परेशान व हलाकान हो गए है. जिसके मद्देनजर शहर के वरिष्ठ विधिज्ञ एवं मनपा के स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने इन दोनों समस्याओं को समाधान करने हेतु अपनी ओर से दो बेहद अनुठी संकल्पनाएं मनपा के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं प्रशासन के सामने रखी हैं. साथ ही एड. प्रशांत देशपांडे द्बारा कहा गया है कि चुंकि अब आगामी 22 जून तक विधान परिषद चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू है. एवं इस दौरान मनपा के सभागृह को प्रशासन के पास काम करने के लिए कोई विशेष काम भी नहीं हैं. ऐसे में यदि इस समय का सदुपयोग करते हुए उनके द्बारा सामने रखी गई संकल्पनाओं पर अमल किया जाता है. तो शहर को बडी आसानी के साथ पूरी तरह से साफ-सुथरा व हरा-भरा बनाया जा सकता हैं.
मनपा के स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे द्बारा दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ इस बारे में विशेष तौर पर बातचीत करते हुए बताया गया कि अमरावती महानगर पालिका के पांच जोन में कुल 22 प्रभाग हैं. जिनकी साफ-सफाई करने के साथ ही उन प्रभागों से कचरा संकलित करते हुए कचरे को कंपोस्ट डिपो तक पहुंचाने का जिम्मा कोणार्क कंपनी को दिया गया है. जिसके द्बारा अलग-अलग जोन व प्रभाग में अपने मनुष्यबल एवं संसाधनो को लगाते हुए साफ-सफाई सहित कचरा संकलन व कचरा ढुलाई का काम किया जाता है, जिसे लेकर विगत कई दिनों से जबरदस्त हो-हल्ला मचाया जा रहा है. ऐसे में यदि यह किया जाए कि मनपा के सभी पदाधिकारी व पार्षद अगले 22 दिनों तक रोजाना शहर के एक-एक प्रभाग का दौरा करें और पूरा दिन उसी प्रभाग में बिताते हुए कोणार्क कंपनी के पूरे मनुष्यबल व संसाधनों को उसी प्रभाग में लगाते हुए उस पूरे प्रभाग की साफ-सफाई करवाएं, तो एक दिन में एक प्रभाग की सफाई के हिसाब से अगले 22 दिनों में पूरे शहर की साफ-सफाई करवाई जा सकी है और पूरे शहर को चकाचक व साफ-सुथरा किया जा सकता है.
इसके अलावा शहर को पूरी तरह से हराभरा बनाने के संदर्भ में अपनी संकल्पना को लेकर स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे का कहना रहा कि अब जल्द ही बारिश का मौसम शुरू होने जा रहा हैं. जिसे ध्यान में रखते हुए मनपा प्रशासन ने वन विभाग का सहयोग लेकर अमरावती मनपा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं वृक्षसंवर्धन अभियान चलाना चाहिए. जिसके तहत शहर में खाली पडी 300 से 400 सरकारी जमीनों एवं पेरी-फेरी वाली जगहों पर कम से कम 1 लाख पौधे लगाने चाहिए. जिनके संवर्धन व संगोपन की ओर भी ध्यान दिया जाना चाहिए. पार्षद एड. देशपांडे के मुताबिक मनपा द्बारा यदि अपनी खाली पडी जमिनों पर वृक्षारोपण करने हेतु जापानी पध्दति वाले बगीचों का अवलंब किया जाता है तो कम जगह में ज्यादा पौधे लगाना संभव हो सकेगा तथा शहर में जगह-जगह पर ‘ग्रीन कॉर्नर’ साकार हो सकेंगे. जिसका सीधा फायदा शहर में प्रदूषण के स्तर को कम करने, स्वच्छ हवा के प्रमाण को बढाने तथा अधिकतम तापमान के स्तर को घटाने के तौर पर दिखाई देगा.
स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने बताया कि उन्होंने अपनी दोनों संकल्पनाओं से महापौर श्रीचंद तेजवानी, मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा एवं अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक को अवगत करा दिया है. साथ ही शहर की मौजूदा समस्याओं को हल करने के साथ-साथ शहर के बेहतर भविष्य के लिहाज से इन दोनों संकल्पनाओं पर त्वरित अमल करने का आग्रहपूर्ण निवेदन भी किया है. उन्हें उम्मीद है कि मनपा के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों द्बारा उनके द्बारा प्रस्तुत दोनों संकल्पनाओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उन संकल्पनाओं पर सार्थक व सकारात्मक तरीके से अमल भी किया जाएगा.
* नागरिकों का भी साथ मिले तो 15 लाख पौधे लगाए जा सकते हैं
दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ बातचीत में स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने कहा कि मनपा एवं वन विभाग द्बारा संयुक्त रूप से चलाए जानेवाले वृक्षारोपण अभियान के तहत अमरावती में अधिकतम 1 लाख पौधे लगाए जा सकते हैं. लेकिन यदि इस अभियान में अमरावती के आम नागरिकों का भी पूरा सहयोग मिलता है, तो इस संख्या को 15 लाख पौधों तक ले जाया जा सकता है. पार्षद एड. देशपांडे के मुताबिक अमरावती शहर की जनसंख्या लगभग 12 लाख के आसपास है. जिसका सीधा मतलब है कि अमरावती शहर में करीब 3 लाख परिवार रहते हैं. ऐसे में यदि हर परिवार अपने घर व परिसर केे आसपास खाली पडी जमीनों पर कम से कम 5-5 पौधे लगाता है तो अमरावती मनपा क्षेत्र में 15 लाख पौधे लगाए जा सकते हैं. यह अपने आप में शहर के लीहाज से जबरदस्त हरितक्रांती होगी.
* 5 डिग्री तापमान घटाना है, तो हर परिवार अपने-अपने परिसर में लगाए 5-5 पौधे
इसके साथ ही एड. प्रशांत देशपांडे ने कहा कि विगत कुछ वर्षों से अमरावती शहर में गर्मी के मौसम दौरान तापमान का स्तर लगातार बढता जा रहा है और इस बार अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के मुहाने तक जा पहुंचा. यदि तापमान में वृध्दि का सिलसिला ऐसे ही चलता रहा, तो अगले 3-4 वर्षों में ही स्थिति भयावह हो जाएगी. जिसके चलते तापमान के स्तर को नियंत्रित करने हेतु अभी से कदम उठाना होगा. पार्षद एड. देशपांडे के मुताबिक अब यदि अमरावती शहर में रहनेवाले प्रत्येक परिवार द्बारा 5-5 पौधे लगाए जाते है, तो गर्मी के अगले मौसम तक अमरावती शहर के अधिकतम तापमान को 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे लाया जा सकता है. इस बात को अमरावतीवासियों ने बेहद गंभीरता से लेना चाहिए.

Back to top button