टिप्पर ने बाइक सवारों को उडाया, दो की मौत, घायल
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के आराधना चौक के कठोरा जकात नाका के पास की घटना

* हादसे के बाद आरोपी चालक फरार
अमरावती /दि.26- सोमवार मध्यरात्रि के बाद दुपहिया वाहन पर घूम रहे तीन युवकों को टिप्पर चालक ने अपनी गाडी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उडा दिया. इस हादसे में दुपहिया सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई. जबकि एक अन्य गंभीर रुप से घायल हो गया. हादसे के बाद टिप्पर चालक गाडी लेकर घटनास्थल से फरार हो गया. यह सडक दुर्घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र में आने वाले कठोरा जकात नाका के पास आराधना चौक के पास घटित हुई. दोनों मृतक युवक पुलिस रिकॉर्ड पर है. एक युवक पर हत्या और दूसरे युवक पर हत्या के प्रयास का आरोप है. आज मंगलवार 26 मई को पुलिस के तगडे बंदोबस्त में जिला अस्पताल के शवागार में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया. इस अवसर पर मृतक के रिश्तेदार और क्षेत्र के नागरिक बडी संख्या में मौजूद थे. मृतकों के नाम महेंद्र कालोनी निवासी तेजस उर्फ गोल्या दिवाकर मथुरकर (20) और नवसारी निवासी यश कानूजीया (21) है.
जानकारी के मुताबिक महेंद्र कॉलोनी निवासी तेजस उर्फ गोल्या मथुरकर नामक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज है. जबकि यश कानूजीया ने डेढ से दो वर्ष पूर्व नवसारी परिसर में एक की हत्या कर दी थी. वह जमानत पर बाहर सोमवार रात 12.30 बजे के दौरान तेजस, यश और उनका एक अन्य साथी एमएच-27/बी-5758 क्रमांक की दुपहिया से आराधना चौक परिसर में घूम रहे थे. उसी समय एमएच-27/बीएक्स-8683 क्रमांक के टिप्पर चालक ने अपनी गाडी तेज रफ्तार से लापरवाही से चलाते हुए दुपहिया को उडा दिया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, तेजस, यश और उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भीड जमा हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने तेजस और यश को मृत घोषित किया. उनके एक साथी पर उपचार जारी है. हादसे के बाद टिप्पर चालक गाडी लेकर फरार हो गया. दुर्घटना में तेजस और यश की मृत्यु होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के नागरिक बडी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गये. आज मंगलवार 26 मई को पुलिस के तगडे बंदोबस्त में दोनों मृतक युवकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे गये. गाडगे नगर पुलिस ने आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





