अमरावती में एक साल में 11506 वाहनों पर कार्रवाई
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 2.39 करोड रुपए जुर्माना वसूल

अमरावती/दि.28- सडक सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रादेशिक परिवहन विभाग ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 की कालावधि में जोरदार विशेष अभियान चलाया है. इसमें विविध यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 11 हजार 506 कार्रवाई की गई है. इस कार्रवाई से 2 करोड 39 लाख 94 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है.
प्रादेशिक परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालक द्वारा रफ्तार की मर्यादा का उल्लंघन, हेल्मेट का इस्तेमाल न करना, सीट बेल्ट नहीं लगाना, मोबाइल पर बातचीत करते हुए वाहन चलाना, बीमा के बगैर वाहन, ओवरलोड यातायात, गलत दिशा से वाहन चलाना आदि गंभीर नियमों का उल्लंघन करने पर विशेष ध्यान केंद्रीत किया गया था. बीमा न रहने वाले 3521 वाहन चालकों को 17 लाख 60 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया. सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करने वाले चालकों पर 972 कार्रवाई की गई तथा हेल्मेट का इस्तेमाल न करने वाले चालकों पर 430 प्रकरण दर्ज किये गये. इसी तरह मोबाइल पर बातचीत कर वाहन चलाने वाले 351 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. रिफ्लेक्टर व टेल लैम्प न रहने वाले 1260 वाहनों पर और 475 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की गई. साथ ही मालवाहक वाहनों में नागरिकों को बैठाकर यातायात करने वाले 42 वाहनों पर कार्रवाई की गई. शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों पर मामले दर्ज किये गये. इसी तरह नाबालिग वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई है. पालकों को भी जिम्मेदार ठहराया गया. यह अभियान प्रादेशिक परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार के मार्गदर्शन में चलाया गया.
* मवेशी यातायात करने पर 78 लाईसेंस निलंबित
प्रादेशिक परिवहन विभाग के जरिए जिले में मवेशियों का यातायात करने वाले वाहनों की जांच की गई. इसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 78 वाहनों के लाईसेंस निलंबित किये गये है. इस कारण मवेशी परिवहन करने वालों में हडकंप मच गया है.
* स्पीड गन अभियान में 3513 कार्रवाई
सर्वाधिक कार्रवाई स्पीड गन अभियान में की गई. रफ्तार की मर्यादा का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर 3513 कार्रवाई की गई है. इससे 70 लाख 26 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया गया है. बढती दुर्घटनाओं की पृष्ठभूमि पर यह अभियान निर्णायक साबित होता माना जा रहा है.




