चार राज्यों को जोड़ने वाली नई हैदराबाद-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस शुरू

अकोला-नांदेड़ समेत कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ

अकोला/दि.6- भारतीय रेल ने तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए हैदराबाद-जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस को नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने की मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन पहले विशेष सेवा के रूप में चलाई जा रही थी, जिसे अब स्थायी रूप से शुरू किया जा रहा है.
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 17079 हैदराबाद-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 24 जुलाई 2026 से शुरू होगी. यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को हैदराबाद से शाम 7.50 बजे रवाना होकर रविवार सुबह 5.25 बजे जयपुर पहुंचेगी. वहीं गाड़ी संख्या 17080 जयपुर-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 जुलाई से शुरू होगी. यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को जयपुर से दोपहर 3.30 बजे प्रस्थान कर मंगलवार सुबह 5 बजे हैदराबाद पहुंचेगी.
* महाराष्ट्र के इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
ट्रेन को महाराष्ट्र में सिकंदराबाद, कामारेड्डी, निजामाबाद, मुदखेड़, नांदेड़, पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशिम, अकोला, मलकापुर, भुसावल सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है. इसके अलावा मध्य प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख शहरों को भी यह ट्रेन जोड़ेगी.
* 22 एलएचबी कोचों से सुसज्जित होगी ट्रेन
नई एक्सप्रेस में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे. जिनमें 2 एसी द्वितीय श्रेणी कोच, 7 एसी तृतीय श्रेणी कोच, 7 स्लीपर कोच, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, 1 लगेज-ब्रेक वैन, 1 गार्ड एवं जनरेटर कोच शामिल रहेंगे. रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस सेवा से चार राज्यों के यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी. साथ ही पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा. अतिरिक्त आरक्षण क्षमता उपलब्ध होने से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलने की उम्मीद है. यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से समय-सारिणी और आरक्षण की स्थिति की जांच करने की अपील की गई है.

Back to top button