सफेद पट्टी विवाद पर जैन धर्मगुरु का पलटवार
संदीप देशपांडे पर साधा निशाना

मुंबई/दि.13- मुंबई में सफेद पट्टियों को लेकर छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता संदीप देशपांडे द्वारा दादर में सफेद पट्टियों का विरोध किए जाने के बाद जैन धर्मगुरु नीलेश चंद्र मुनि ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जैन समाज शांतिप्रिय है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि समाज ने चूड़ियां पहन रखी हैं. नीलेश चंद्र मुनि ने जैन समाज से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उकसावे में नहीं आना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप देशपांडे दो समुदायों के बीच खाई पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि संदीप देशपांडे वास्तव में बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर चलने का दावा करते हैं, तो उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि बालासाहेब ठाकरे ने जैन और मारवाड़ी समाज के साथ हमेशा सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे थे और कभी किसी समुदाय को परेशान नहीं किया. गौरतलब है कि दादर पश्चिम के डी.एस. बाबरेकर मार्ग पर जैन मंदिर के समीप सड़क पर बनाई गई सफेद पट्टियों को लेकर मनसे ने विरोध जताया था. संदीप देशपांडे ने महानगरपालिका प्रशासन को पट्टियां हटाने के लिए अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें मिटा दिया. नीलेश चंद्र मुनि ने कहा कि यदि संदीप देशपांडे वास्तव में सार्वजनिक स्थानों के उपयोग का मुद्दा उठा रहे हैं, तो उन्हें अन्य स्थानों पर भी इसी तरह आवाज उठानी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी एक समुदाय को निशाना बनाकर विवाद खड़ा करना उचित नहीं है.
यह विवाद सबसे पहले घाटकोपर की एक हाउसिंग सोसायटी से सामने आया था, जहां जैन समाज के कुछ लोगों द्वारा परिसर में सफेद पट्टी बनाए जाने का मामला चर्चा में आया. यूट्यूबर प्रसाद वेदपाठक ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि सार्वजनिक या सामूहिक उपयोग वाले स्थान पर ऐसा करने से पहले सोसायटी के सभी सदस्यों की अनुमति नहीं ली गई थी. बढ़ते विरोध के बाद संबंधित सफेद पट्टी पर रंग कर दिया गया और मामला शांत हो गया था. हालांकि इसके बाद दादर सहित मुंबई के अन्य इलाकों में भी इसी प्रकार की पट्टियों को लेकर विवाद सामने आने लगे हैं. फिलहाल इस मुद्दे ने सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर बहस छेड़ दी है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि विभिन्न संगठनों और समुदायों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.





