खेलते-खेलते मूंगफली खाई, फेफड़े में जा फंसी

ढाई घंटे की सर्जरी से बची मासूम की जान

नागपुर /दि.13- बच्चों की छोटी-सी लापरवाही भी कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है. नागपुर में तीन वर्षीय एक मासूम के साथ हुई ऐसी ही घटना ने सभी को चौंका दिया. खेलते समय खाई गई मूंगफली बच्चे के फेफड़े में जाकर फंस गई, जिससे उसका एक फेफड़ा लगभग निष्क्रिय हो गया. डॉक्टरों की सतर्कता और ढाई घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद बच्चे की जान बचाई जा सकी.
जानकारी के अनुसार, बच्चे को लगातार बुखार आ रहा था. परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी समझकर उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उसे नागपुर के मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने निमोनिया की आशंका के आधार पर इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार का अपेक्षित असर नहीं दिखा. इसके बाद चिकित्सकों ने एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया. जांच रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चे की दाहिनी श्वासनली में कोई बाहरी वस्तु फंसी हुई है, जिसके कारण उसका दाहिना फेफड़ा प्रभावित हो गया था. डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि बच्चे को बेहोश कर उसकी संकरी श्वासनली में सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन किया जाए. थोड़ी सी भी चूक बच्चे की जान के लिए खतरा बन सकती थी. चिकित्सकों ने फाइबर ऑप्टिक ब्रोंकोस्कोपी की मदद से फंसी हुई वस्तु का सटीक पता लगाया और बाद में रिजिड ब्रोंकोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए उसे बाहर निकाला. जांच में पता चला कि श्वासनली में फंसी वस्तु मूंगफली थी. करीब ढाई घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के बाद मूंगफली को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया. ऑपरेशन के बाद बच्चे की सांसें सामान्य हो गईं और स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने लगा. बच्चे को सुरक्षित देखकर डॉक्टरों और परिजनों ने राहत की सांस ली. भावुक माता-पिता ने चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया. इस घटना के बाद डॉक्टरों ने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें मूंगफली, सूखे मेवे या अन्य छोटी वस्तुएं देते समय सावधानी बरतने की अपील की है. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा के प्रति जरा-सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है

Back to top button