म्हाडा कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक
बडनेरा शहर के नागरिकों में भारी नाराजगी

अमरावती/दि.15– बडनेरा शहर के नविवस्ती क्षेत्र स्थित म्हाडा कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. क्षेत्र के नागरिकों में इस समस्या को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम के समय कुत्तों के झुंड सड़कों पर घूमते रहते हैं. कई बार राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पालतू जानवरों पर हमला करने की घटनाएं भी सामने आई हैं. बच्चों को स्कूल भेजते समय अभिभावकों को डर बना रहता है, जबकि कई बुजुर्गों ने सुबह की सैर करना भी बंद कर दिया है. रात के समय कुत्तों के लगातार भौंकने और राहगीरों का पीछा करने से नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. महिलाओं और विद्यार्थियों में भी भय का माहौल बना हुआ है.
नागरिकों का कहना है कि अमरावती महानगरपालिका ने करीब छह महीने पहले आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया था, लेकिन उसके बाद फिर से म्हाडा कॉलोनी और नविवस्ती क्षेत्र में कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ गई है. इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. क्षेत्रवासियों ने महानगरपालिका से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और स्थायी उपाय किए जाएं. नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और कोई गंभीर घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. म्हाडा कॉलोनी में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, अन्यथा नागरिकों के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा, ऐसी मांग क्षेत्र के रहिवासियों ने की है.





