ऑटो में सफर कर रही महिलाओं को बनाते थे निशाना

अंतरजिला गैंग के 7 आरोपी गिरफ्तार

अकोला/दि.15- अकोला स्थानीय अपराध शाखा ने महिलाओं के पर्स से नकदी और सोने के गहने चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक ऑटो चालक और छह महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा सहित कुल 2 लाख 73 हजार 400 रुपये का माल बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार यह गिरोह मूल रूप से यवतमाल जिले का रहने वाला है और अकोला शहर में ऑटो रिक्शा के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. आरोपियों ने कोतवाली, रामदासपेठ और खदान पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज चार अलग-अलग चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को अशोक वाटिका से गांधी रोड के बीच ऑटो से यात्रा कर रही एक महिला के बैग से सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए थे. इसी प्रकार 2 जून को एक अन्य महिला के बैग से नकदी चोरी होने की घटना सामने आई थी. दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान एलसीबी के सहायक पुलिस निरीक्षक नीलेश देशमुख को सूचना मिली कि यवतमाल का एक गिरोह चोरी की नीयत से अकोला शहर में घूम रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने खड़की चौक क्षेत्र में नाकाबंदी की. इसी दौरान संदिग्ध ऑटो (एमएच-29/बीडी-2746) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की. पुलिस ने पीछा कर ऑटो को घेराबंदी कर पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों में ऑटो चालक सिद्धार्थ अर्जुन उपले सहित भारती युवराज सकट, बनुबाई मोहन नाडे, मैना विजेंद्र उपले, राधा रकीराम सकट, खुशबू प्रेम सकट और काजल राजा हाटगले शामिल हैं. सभी आरोपी यवतमाल जिले के नेताजी नगर, दारव्हा रोड क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.

* पुलिस की नागरिकों से अपील
अकोला पुलिस ने विशेष रूप से महिला यात्रियों से अपील की है कि ऑटो रिक्शा या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रा करते समय अपने पर्स, नकदी और आभूषणों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी तथा स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों के मार्गदर्शन में एलसीबी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया.

Back to top button