चाकू हमले में दो युवकों की मौत
जिले में दो अलग-अलग हत्या की वारदातों से सनसनी

अकोला/दि.16- जिले में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते हुई दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है. दोनों मामलों में युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
* रामदासपेठ क्षेत्र में युवक की हत्या
पहली घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे रामदासपेठ पुलिस थाना क्षेत्र के तार फैल स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक पर हुई. जानकारी के अनुसार अकोट फैल के अशोक नगर निवासी अंकित धम्मपाल नंदा गवली पर दो युवकों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल अंकित की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितिन लेव्हरकर तथा रामदासपेठ पुलिस थाना के निरीक्षक शिरीष खंडारे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है.
* पातूर क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की हत्या
दूसरी घटना रविवार सुबह पातूर पुलिस थाना क्षेत्र के आलेगांव के समीप शेकापुर फाटा इलाके में सामने आई. यहां यश गजानन गिरे (18) पर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार यश का कुछ समय से चेतन कालपांडे, जतिन क्षीरसागर और क्षितिज निमकंडे के साथ विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते उस पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल यश को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पातूर पुलिस ने जांच शुरू कर दी. उपविभागीय पुलिस अधिकारी गजानन पडघन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद हत्या का कारण प्रतीत हो रहा है. मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
* पुलिस ने तेज की जांच
लगातार सामने आई इन दो हत्या की घटनाओं से जिले में भय और चिंता का माहौल है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी





