नवी मुंबई में बढ़ा महायुति का अंदरूनी विवाद

कार्यक्रम पत्रिका से एकनाथ शिंदे का नाम गायब

मुंबई./दि.15 – नवी मुंबई महानगरपालिका के एक आधिकारिक कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम गायब होने के बाद महायुति गठबंधन के भीतर नया विवाद खड़ा हो गया है. इस मुद्दे को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ता आक्रामक हो गए और वन मंत्री गणेश नाईक के काफिले को रोककर विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी के अनुसार, नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा मंगलवार को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम की निमंत्रण पत्रिका में गणेश नाईक का नाम प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है, जबकि सांसद नरेश म्हस्के और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के नाम भी शामिल हैं. हालांकि, ठाणे जिले के पालकमंत्री और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम पत्रिका में नहीं होने से विवाद पैदा हो गया.
* शिवसैनिकों ने जताया विरोध
इस घटना के विरोध में शिवसेना कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोमवार को सड़क पर उतर आए. वाशी क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने गणेश नाईक के काफिले को रोकने का प्रयास किया और जोरदार नारेबाजी की. कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया. सांसद नरेश म्हस्के ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ठाणे में शिवसेना हमेशा गठबंधन सहयोगियों का सम्मान करती रही है, लेकिन नवी मुंबई में बार-बार उनके नेता को नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह का व्यवहार जारी रहा तो इसका जवाब शिवसेना स्टाइल में दिया जाएगा.
* पहले भी हो चुका है विवाद
यह पहली बार नहीं है जब नवी मुंबई में एकनाथ शिंदे को लेकर विवाद हुआ हो. कुछ समय पहले नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भी शिंदे को आमंत्रित नहीं किए जाने पर शिवसेना नेताओं ने नाराजगी जताई थी. उस विवाद की गूंज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक तक पहुंची थी.
* गणेश नाईक ने झाड़ा पल्ला
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए गणेश नाईक ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम पत्रिका की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि यह महानगरपालिका का विषय है और इस संबंध में नगर आयुक्त ही बेहतर जानकारी दे सकते हैं. इस घटनाक्रम ने महायुति गठबंधन के भीतर चल रहे तनाव को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है. राजनीतिक हलकों में अब इस विवाद के आगे बढ़ने की संभावना पर चर्चा शुरू हो गई है.

Back to top button