राजकीय पक्ष बनाने से पीछे हटे अभिजीत दीपके
कॉक्रोच जनता पार्टी’ को राजनीतिक दल में बदलने की अटकलों पर लगाया विराम

शिक्षा घोटालों, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
नागपुर/ दि 16- जयपुर में आंदोलन के दौरान हुए हमले के बाद भी अपने अभियान को जारी रखने के संकल्प के साथ नागपुर पहुंचे ‘कॉक्रोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजनीतिक दल बनाने की संभावनाओं पर पहली बार स्पष्ट रुख सामने रखा. उन्होंने कहा कि यदि हर समस्या के समाधान के लिए लोगों को राजनीति में उतरना पड़े तो यह लोकतंत्र और मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था की विफलता मानी जाएगी.
नागपुर में आयोजित पत्रकार परिषद में दीपके ने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े घोटाले, परीक्षा पत्र लीक, विद्यार्थियों की आत्महत्याएं और जवाबदेही की कमी जैसे गंभीर मुद्दों पर उनका आंदोलन जारी रहेगा. हालांकि फिलहाल उनकी कोई राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना नहीं है.
* शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा
दीपके ने कहा कि परीक्षाओं में हो रहे घोटालों और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में देशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो देश के विभिन्न शहरों में शांतिपूर्ण आंदोलन और तेज किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि पुणे के बाद लखनऊ, जयपुर, बेंगलुरु और नागपुर में भी आंदोलन आयोजित किए जाएंगे. इसके बावजूद मांगें नहीं मानी गईं तो 20 जून को दिल्ली में देशभर के विद्यार्थियों का बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.





