प्रसिद्ध बिल्डर के बेटे की 350 फीट गहरी खाई में गिरकर मौत
शादी से एक महीने पहले दर्दनाक हादसा

पुणे /दि.19- पुणे के निकट स्थित प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर घूमने गए एक युवा व्यवसायी की 350 फीट गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 26 वर्षीय केतन अग्रवाल के रूप में हुई है, जो एक प्रसिद्ध बिल्डर परिवार से संबंध रखते थे. उनकी शादी अगले महीने होने वाली थी और परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया.
जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल अपने परिवार और दोस्तों के साथ लोहगढ़ किले की सैर पर गए थे. किले के एक हिस्से में घूमते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे लगभग 350 फीट गहरी खाई में जा गिरे. हादसा इतना भीषण था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि केतन, प्रसिद्ध बिल्डर विशाल अग्रवाल के पुत्र थे. अगले महीने जयपुर में उनका भव्य विवाह समारोह आयोजित होने वाला था. शादी के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर एक आलीशान पैलेस बुक किया गया था और मेहमानों के आवागमन के लिए दो विशेष विमानों की भी व्यवस्था की गई थी. हादसे को और भी दुखद बनाने वाली बात यह है कि 19 जून को उनकी होने वाली पत्नी का जन्मदिन था. केतन ने उनके लिए विशेष सरप्राइज और महाबलेश्वर में जन्मदिन समारोह की योजना बनाई थी. लेकिन जन्मदिन और शादी की खुशियों से पहले ही यह दुखद घटना घट गई.
घटना की सूचना मिलते ही लोनावला ग्रामीण पुलिस, शिवदुर्ग मित्र लोनावला और मावल वन्यजीव संरक्षण संस्था की बचाव टीम मौके पर पहुंची. कठिन परिस्थितियों में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केतन का शव खाई से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद अग्रवाल परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों में शोक की लहर है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. लोहगढ़ किला पुणे और मुंबई के पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है. मानसून के मौसम में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी और किले वाले पर्यटन स्थलों पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है.





