खेत में गिरे बिजली के खंभे तत्काल किए गए खड़े
अमरावती मंडल खबर का असर

* किसान को मिला न्याय
अमरावती/दि.20- तेज आंधी और तूफान के कारण खेत में बिजली के खंभे गिर जाने से एक किसान के सामने बुवाई (बोनी) के समय बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी. खेत में गिरे खंभों के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे और समय पर बुवाई नहीं होने का खतरा मंडरा रहा था. इस मामले को दैनिक अमरावती मंडल और दैनिक आपली मातृभूमि ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की.
मांजरी म्हसला निवासी किसान प्रवीण भीमराव वासनिक का अंजनगांव बारी क्षेत्र में खेत है. हाल ही में आए तेज तूफान और आंधी के कारण उनके खेत में बिजली के खंभे गिर गए थे. इससे खेत की जुताई और अन्य कृषि कार्य पूरी तरह बाधित हो गए थे. बुवाई का मौसम शुरू होने के कारण किसान को भारी चिंता सता रही थी. प्रवीण वासनिक ने इस संबंध में अंजनगांव बारी स्थित महावितरण कार्यालय में आवेदन देकर खेत में गिरे बिजली के खंभों को तत्काल खड़ा करने की मांग की थी, ताकि खेती के काम और बुवाई समय पर पूरी की जा सके.
इस समस्या को दैनिक अमरावती मंडल और दैनिक आपली मातृभूमि ने प्रमुखता से प्रकाशित किया. समाचार प्रकाशित होने के बाद महावितरण के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और खेत में गिरे बिजली के खंभों को तुरंत खड़ा कर दिया. महावितरण की इस कार्रवाई से किसान प्रवीण वासनिक को राहत मिली है. अब उनके खेत में कृषि कार्य और बुवाई का रास्ता साफ हो गया है. किसान ने न्याय दिलाने के लिए दैनिक अमरावती मंडल, दैनिक आपली मातृभूमि तथा महावितरण विभाग का आभार व्यक्त किया है.





