मेलघाट टाइगर रिजर्व की कमान अब चंद्रसेकरण बाला के हाथों में
मेलघाट के बाघों की सुरक्षा, वन्यजीव व्यवस्थापन और वनसंरक्षण की चुनौती

अमरावती /दि.20- राज्य के राजस्व एवं वन विभाग ने 18 जून को भारतीय वन सेवा के 28 वरिष्ठ अधिकारियों के पदोन्नति एवं तबादलों के आदेश जारी किए. इस प्रशासनिक फेरबदल में मेलघाट टाइगर रिजर्व को नया क्षेत्र संचालक मिला है. नागपुर के वरिष्ठ वन अधिकारी चंद्रसेकरण बाला एन. को पदोन्नति देते हुए मेलघाट टाइगर रिजर्व का एरिया डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. वर्तमान में क्षेत्र संचालक एम. आदर्श रेड्डी का पदोन्नति के साथ यवतमाल क्षेत्र में वन संरक्षक पद पर तबादला किया गया है. उनकी जगह गोरेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी संग्राहालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रसेकरण बाला एन. को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.
* बाला के सामने बड़ी चुनौतियां
मेलघाट टाइगर रिजर्व राज्य के महत्वपूर्ण वन्यजीव क्षेत्रों में शामिल है. यहां बाघ संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, वन संरक्षण तथा आदिवासी बहुल क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी चुनौतियां प्रमुख हैं. नए क्षेत्र संचालक के रूप में चंद्रसेकरण बाला को इन मुद्दों पर प्रभावी कार्य करना होगा.
* मेलघाट में अन्य तबादले भी
वन विभाग के इस फेरबदल में मेलघाट और अमरावती क्षेत्र के कई अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है. कीर्ति जमदाड़े, जो वर्तमान में गुगामल वन्यजीव प्रभाग (चिखलदरा) में उपवन संरक्षक (डीसीएफ) के पद पर कार्यरत थीं, उनका तबादला अमरावती वन योजना विभाग में उपवन संरक्षक के पद पर किया गया है. अमरावती योजना विभाग के उपवन संरक्षक गणेशन सी. को मेलघाट क्षेत्रीय वन मंडल (परतवाड़ा) में उपवन संरक्षक नियुक्त किया गया है. वहीं परतवाड़ा क्षेत्रीय वन मंडल में कार्यरत अग्रीम सैनी का तबादला कोल्हापुर योजना विभाग में उपवन संरक्षक के पद पर किया गया है.
* वन विभाग में चर्चा का विषय बना तबादला
अग्रीम सैनी का पश्चिम महाराष्ट्र के कोल्हापुर में तबादला वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. विभागीय हलकों में इस स्थानांतरण को लेकर विभिन्न चर्चाएं चल रही हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे नियमित प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा बताया जा रहा है. वन विभाग के इस व्यापक फेरबदल से मेलघाट सहित विदर्भ के वन प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.





