सिंधुदुर्ग में भूकंप जैसे झटके, चार घरों की दीवारों में दरारें
ग्रामीणों में दहशत

सिंधुदुर्ग/दि.24 – महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में भूकंप जैसे झटके महसूस किए जाने से लोगों में दहशत फैल गई. जिले के कणकवली, फोंडाघाट तथा विद्यानगर-बेलदारवाड़ी क्षेत्र में मंगलवार देर रात अचानक धरती कांपने जैसी स्थिति महसूस हुई. घटना में चार घरों को नुकसान पहुंचा है और उनकी दीवारों में बड़ी दरारें पड़ गई हैं. स्थानीय नागरिकों के अनुसार रात करीब 11:30 बजे तेज कंपन महसूस हुआ, जिससे टीन की छतों और घरों में कंपन की आवाजें सुनाई दीं. सुबह लोगों ने देखा कि कई घरों की दीवारों और आसपास की जमीन में दरारें पड़ गई हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार फोंडाघाट के बेलदारवाड़ी इलाके में चार मकानों की दीवारों में बड़ी दरारें दिखाई दी हैं. प्रभावित परिवारों ने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलने के बाद फोंडाघाट की सरपंच संजना आग्रे ने बुधवार सुबह नुकसानग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. सरपंच संजना आग्रे ने बताया कि ग्रामीणों ने रात में तेज झटके महसूस होने की जानकारी दी थी. सुबह निरीक्षण के दौरान चार घरों की दीवारों और जमीन में दरारें दिखाई दीं. उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से नुकसान का पंचनामा कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महसूस किए गए झटके भूकंप के थे या किसी अन्य भूगर्भीय गतिविधि के कारण उत्पन्न हुए. संबंधित विभागों की ओर से अभी तक भूकंप की तीव्रता या रिक्टर स्केल पर उसकी माप संबंधी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है. स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी एकत्र की जा रही है. विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि क्षेत्र में वास्तव में भूकंप आया था या नहीं. फिलहाल प्रभावित ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और वे प्रशासनिक सहायता की प्रतीक्षा कर रहे हैं.





