नागपुर में फर्जी पुलिस बनकर व्यापारी को धमकाने का मामला

चार आरोपियों पर मामला दर्ज

नागपुर /दि.24- नागपुर के कलमना क्षेत्र में एक सुपारी व्यापारी के गोदाम पर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पहुंचे चार लोगों द्वारा कथित रूप से दबाव बनाने, वीडियो रिकॉर्डिंग करने और फिरौती वसूलने की कोशिश का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर कलमना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता दीपक गुरुमुखदास दरयानी (50) कलमना क्षेत्र में त्रिशक्ति ट्रेडिंग कंपनी के नाम से व्यवसाय करते हैं. आदिवासी लेआउट इलाके में स्थित उनके सुपारी गोदाम में 23 जून की दोपहर करीब 2 बजे चार व्यक्ति पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने स्वयं को पुलिस और लोकसेवक बताकर गोदाम की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी. शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने व्यापारी पर खराब गुणवत्ता की सुपारी बेचने का आरोप लगाया और खाद्य एवं औषधि प्रशासन में शिकायत करने की धमकी दी. साथ ही खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कार्रवाई कराने की बात कहकर दबाव बनाने का प्रयास किया.
दरयानी ने जब आरोपियों को जवाब दिया कि वे स्वयं पुलिस में शिकायत करेंगे, तो आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी. शिकायत के अनुसार, जब दरयानी शिकायत दर्ज कराने कलमना पुलिस स्टेशन पहुंचे, तब आरोपी वहां भी पहुंच गए और पुलिस स्टेशन परिसर में ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी. शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ कार्रवाई की शिकायत की गई तो गोली मार दी जाएगी. कलमना पुलिस ने शिकायत के आधार पर गौरव हरिप्रसाद पांडे (31), सचिन सुरेशसिंह बैस (42), नरेंद्र लल्लुजी चौबे (57) और जितेंद्र अशोककुमार कुदवानी (42) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विजयकुमार गिराम कर रहे हैं. फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Back to top button