महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना
मुंबई-ठाणे समेत 24 जिलों में येलो अलर्ट

मुंबई./दि.27- महाराष्ट्र में सक्रिय हुए मानसून के बीच भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 24 से 48 घंटे के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. वहीं पुणे, सातारा, कोल्हापुर, सांगली और सोलापुर जिलों में भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. इन क्षेत्रों में बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. मराठवाड़ा के कई जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर महाराष्ट्र के नासिक और अहिल्यानगर जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है. नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. विदर्भ के नागपुर, भंडारा, चंद्रपुर, गड़चिरौली, गोंदिया, वर्धा और यवतमाल जिलों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है.
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले दो दिन राज्य के लिए मौसम की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेंगे. ऐसे में नागरिकों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
* मौसम विभाग की सलाह
– गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें.
– नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें.
– मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर रखें.
– अत्यावश्यक न हो तो यात्रा टालें.
– किसान खेतों में कार्य शुरू करने से पहले मौसम का पूर्वानुमान अवश्य देखें.





