जिनके जूते चाटने गए, वे देश का विकास नहीं कर पाए

यवतमाल में सांसद संजय राउत का संजय देशमुख पर हमला

यवतमाल/दि.27 – शिवसेना उबाठा के सांसद संजय राउत ने शनिवार को यवतमाल में आयोजित सभा में पार्टी छोड़कर शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए सांसद संजय देशमुख पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और विकास निधि के लालच में पार्टी छोड़ने वालों को जनता आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी.
यवतमाल में सभा को संबोधित करते हुए संजय राउत ने कहा कि शिवसेना अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं के दम पर हर संकट का सामना करती आई है. उन्होंने कहा कि जिस नेता को शिवसेना और उद्धव ठाकरे ने सांसद बनाया, वही आज पार्टी छोड़कर चला गया.
* ‘50 करोड़ में बिके, जनता कीमत तय करेगी’
राउत ने कटाक्ष करते हुए कहा, कृषि उपज मंडी में किसानों की उपज को उचित भाव नहीं मिलता, लेकिन 15 दिन पहले एक ‘माल’ 50 करोड़ रुपये में बिक गया. जिस व्यक्ति को इस बाजार में 500 रुपये में भी कोई नहीं खरीदता, उसे शिवसेना ने सांसद बनाया और उसकी कीमत 50 करोड़ हो गई. अब अगले चुनाव में जनता उसकी कीमत पांच रुपये भी नहीं रखेगी.
* मोदी सरकार पर भी साधा निशाना
अपने भाषण में राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि विकास के नाम पर पार्टी छोड़ने वाले यह बताएं कि 12 वर्षों में देश का कितना विकास हुआ. उन्होंने वाराणसी का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की और उन नेताओं पर निशाना साधा जो विकास निधि के लिए सत्ता पक्ष में शामिल हुए हैं.
* ‘यवतमाल में शिवसेना का भगवा कायम रहेगा’
संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नागपुर दौरे में भारी जनसमर्थन मिला है, जिससे स्पष्ट है कि शिवसेना आज भी मजबूत है. उन्होंने विश्वास जताया कि यवतमाल जिला हमेशा बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा के साथ खड़ा रहेगा और यहां शिवसेना का भगवा झंडा आगे भी लहराता रहेगा.

Back to top button