‘जहां भी गद्दार सांसद मिले, उनसे जवाब मांगों’

यवतमाल में उद्धव ठाकरे का शिवसैनिकों को सीधा संदेश

यवतमाल/दि.27 – शिवसेना उबाठा प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी छोड़कर शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए यवतमाल के सांसद संजय देशमुख पर तीखा हमला बोलते हुए शिवसैनिकों से कहा कि जहां भी ऐसे दल-बदल करने वाले सांसद मिलें, उनसे जनता के बीच जाकर जवाब मांगें कि उन्होंने पार्टी से विश्वासघात क्यों किया.
यवतमाल में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि कुछ सप्ताह पहले सांसदों की बैठक में संजय देशमुख ने बेटी के रिश्ते का हवाला देकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने की बात कही थी. बाद में पता चला कि वे अपनी ही नई राजनीतिक रिश्तेदारी तय कर रहे थे. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, यहां शेर की तरह जी रहे थे, अब वहां जाकर गधे की तरह जीवन बिताइए.
* ‘हर जगह पूछो, गद्दारी क्यों की?’
उद्धव ठाकरे ने शिवसैनिकों से आह्वान किया कि वे अगले तीन वर्षों तक लगातार जनता के बीच जाकर दल-बदल करने वाले नेताओं से सवाल पूछें. उन्होंने कहा, जहां भी यह गद्दार मिले, उससे पूछो कि मैंने तुम्हें चुनाव जिताया, फिर गद्दारी क्यों की? अगर मेरे पास भी पैसे होते तो मैं तुम्हें हरा सकता था, लेकिन मैंने भगवा और निष्ठा का साथ नहीं छोड़ा.
* भाजपा पर भी साधा निशाना
अपने भाषण में उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव न होने के बावजूद विपक्षी दलों के नेताओं को तोड़ने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अबकी बार 400 पार का नारा दिया था, जबकि उन्होंने अबकी बार तड़ीपार का नारा दिया था. उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि विपक्ष को कमजोर करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से राजनीतिक दल-बदल कराया जा रहा है. उन्होंने शिवसैनिकों से संगठन को मजबूत करने और भविष्य के चुनावों की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी का उम्मीदवार पूरी निष्ठा के साथ भगवा विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाला होना चाहिए और इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर काम शुरू करना होगा.

Back to top button