जिला अस्पताल में मनाया गया विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस
नशे के दुष्परिणामों पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक

अमरावती/दि.1- समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की लत से बचाने और मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला सामान्य अस्पताल में विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में चिकित्सकों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी.
कार्यक्रम में जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार, बाह्य संपर्क अधिकारी डॉ. संदीप हेडाऊ, प्रभारी अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. नरेंद्र सोलंके, मनोचिकित्सक डॉ. अमोल गुल्हाने, डॉ. प्रेषित मढवी, डॉ. ऋषिकेश घोरपड़े, परिचारिका ललिता अटालकर, श्रद्धा हरकंचे, सारा बांगड़ तथा सावली परतेती सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. डॉ. विनोद पवार ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन शरीर और मानसिक स्वास्थ्य को पूरी तरह प्रभावित करता है. नशे की लत केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे परिवार को संकट में डाल देती है. उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में नशा मुक्ति के लिए आधुनिक और प्रभावी उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा नागरिकों से उनका लाभ लेने की अपील की.
इस अवसर पर मनोचिकित्सक डॉ. अमोल गुल्हाने, डॉ. संदीप हेडाऊ, डॉ. नरेंद्र सोलंके और डॉ. प्रेषित मढवी ने मादक पदार्थों के सेवन से केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर पड़ने वाले प्रभाव, मानसिक रोगों और सामाजिक दुष्परिणामों पर वैज्ञानिक जानकारी देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं, अस्पताल के कर्मचारी, मरीज और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन सारा बांगड़ ने किया, जबकि श्रद्धा हरकंचे ने आभार व्यक्त किया.





