माहेर फाउंडेशन ने वट पूर्णिमा पर किया वृक्षारोपण
बेघर निवारा आश्रम परिसर में वट वृक्ष सहित विभिन्न पौधों लगाए

* वृक्षारोपण के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
परतवाड़ा/दि.1– वट पूर्णिमा के पावन अवसर पर माहेर फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले सामाजिक उपक्रम के तहत इस वर्ष भी वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ. नगर पालिका की क्रमांक 4 शाला परिसर स्थित बेघर निवारा आश्रम में वट वृक्ष सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और वृक्ष संवर्धन का संदेश दिया गया. वर्तमान समय में बढ़ते तापमान और बदलते मौसम के प्रभाव को देखते हुए वृक्षों के महत्व पर विशेष जोर दिया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वट वृक्ष का रोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लिया तथा परिवार के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए. इस अवसर पर अचलपुर नगरपालिका की पूर्व शिक्षा सभापती दीपाली मनीष विधले सहित शारदा उईके, विजया पाटकर, दीपा तायडे, बेघर निवारा आश्रम के आसिफ सर तथा ज्योती खोब्रागडे सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की. सभी ने मिलकर वट वृक्ष सहित अन्य पौधों का रोपण किया और उनके नियमित संरक्षण का संकल्प लिया.
माहेर फाउंडेशन की ओर से इस अवसर पर संदेश दिया गया कि एक वृक्ष लगाएं, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ियों को हरियाली से भरपूर जीवन का उपहार दें.कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और वृक्ष संवर्धन के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.