अमरावती शाखा में चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
महापौर श्रीचंद तेजवानी रहे प्रमुख रुप से उपस्थित

अमरावती/दि.1 – भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान की अमरावती शाखा द्वारा आज बुधवार 1 जुलाई को चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस बडे उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम में अमरावती मनपा महापौर श्रीचंद तेजवानी प्रमुख अतिथि के रुप में उपस्थित थे.
कार्यक्रम के दौरान जनवरी 2026 और मई 2026 तक सफल होकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बने नये सदस्यों का सम्मान किया गया. साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण व समाजसेवा के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया. जिसमें विद्यार्थियों व सदस्यों ने उत्साहपूर्ण सहभाग लिया. इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य सीए रतन शर्मा व सीए स्वाती पुरोहित का दीर्घकालीन योगदान के लिए विशेष सम्मान किया गया. इसके अलावा सीए नीलेश लाठिया को गुजराती एज्युकेशन सोसायटी के अध्यक्ष तथा सीए राजेश पटेल को कार्यकारी सदस्य नियुक्त होने पर सम्मानित किया गया.
अमरावती शाखा के अध्यक्ष सीए हर्ष शर्मा ने कहा कि, चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस केवल हमारे पेशे का उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता है. नये सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा कि, पौधारोपण व रक्तदान जैसे सेवाकार्यों के माध्यम से हमने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है. कार्यक्रम में अमरावती शाखा के 100 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित रहे. इस अवसर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी ने भी अपने समयोचित विचार व्यक्त करते हुए नये सदस्यों को शुभकामनाएं दी.





