भारती फुलमाली का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में फिर चयन

अमरावती की बेटी एशियाई खेलों में दिखाएगी दम

अमरावती/दि.2- अमरावती की प्रतिभाशाली क्रिकेटर भारती फुलमाली ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है. आगामी सितंबर माह में जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए घोषित भारतीय महिला क्रिकेट टीम में उनका चयन किया गया है. 15 सदस्यीय भारतीय टीम में स्थान मिलने से अमरावती सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
बता दे कि, 29 वर्षीय भारती फुलमाली मध्यक्रम की आक्रामक बल्लेबाज और मैच को अंतिम क्षणों में अपने पक्ष में मोड़ देने वाली बेहतरीन ‘फिनिशर’ के रूप में जानी जाती हैं. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और दबाव की परिस्थितियों में मैच समाप्त करने की क्षमता को देखते हुए चयनकर्ताओं ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है. इससे पहले भी उनका चयन भारतीय महिला टीम में हुआ था और हाल ही में इंग्लैंड में आयोजित महिला टी-20 विश्व कप के लिए भी उन्हें टीम में शामिल किया गया था.
* संघर्ष, मेहनत और वापसी की प्रेरक कहानी
भारती फुलमाली का क्रिकेट सफर संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल माना जाता है. बचपन में जब लड़कियों के लिए क्रिकेट खेलने के अवसर सीमित थे, तब उन्होंने लड़कों के साथ क्रिकेट खेलकर अपनी प्रतिभा को निखारा. अमरावती की गलियों से शुरू हुआ यह सफर धीरे-धीरे विदर्भ टीम तक पहुंचा और फिर राष्ट्रीय टीम के दरवाजे उनके लिए खुल गए. वर्ष 2019 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद वे राष्ट्रीय टीम से बाहर हो गई थीं. हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए पुनः चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रदर्शन के बल पर उन्होंने भारतीय टीम में वापसी का गौरव हासिल किया है.
* चयन से उत्साहित भारती
राष्ट्रीय टीम में चयन होने पर भारती फुलमाली ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया. भारती ने कहा कि वह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश को स्वर्ण पदक दिलाने के लिए पूरा प्रयास करेंगी. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों और उन सभी लोगों को दिया जिन्होंने कठिन समय में उनका साथ दिया. भारती का कहना है कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के कारण ही वह दोबारा भारतीय टीम में स्थान बना सकीं.
* विश्व कप में मिला था सीमित अवसर
हाल ही में आयोजित महिला टी-20 विश्व कप में भारती को सीमित अवसर मिले थे. उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी क्षमता और आक्रामक बल्लेबाजी पर भरोसा बनाए रखा. यही कारण है कि आगामी एशियाई खेलों के लिए उन्हें फिर टीम में शामिल किया गया है.
* टीम को मिलेगा मजबूत फिनिशर
भारतीय महिला टीम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ भारती फुलमाली की मौजूदगी टीम को अतिरिक्त मजबूती प्रदान करेगी. विशेष रूप से मध्यक्रम में उनकी पावर-हिटिंग क्षमता भारत के लिए महत्वपूर्ण हथियार साबित हो सकती है.
* अमरावती के लिए गर्व का क्षण
विदर्भ के लिए वरिष्ठ महिला एकदिवसीय और टी-20 क्रिकेट में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली भारती फुलमाली आज अमरावती की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं. उनका चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि अमरावती और विदर्भ के क्रिकेट जगत के लिए भी गौरव का विषय है. अमरावती की गलियों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच तक पहुंचने वाली भारती फुलमाली अब जापान में होने वाले एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी. पूरे जिले को उनसे शानदार प्रदर्शन और भारत के लिए पदक जीतने की उम्मीद है. यह उपलब्धि अमरावती के खेल इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय के रूप में देखी जा रही है.

Back to top button