24 घंटे में मिली मुख्यमंत्री सहायता

100 वर्षीय बुजुर्ग महिला का समय पर हुआ ऑपरेशन

मुंबई /दि.3– सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई 100 वर्षीय सरूबाई मुंजवार को आर्थिक संकट के बीच मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि से मात्र 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता मंजूर कर दी गई. इस मदद से उनकी आवश्यक सर्जरी समय पर हो सकी और आगे का उपचार बिना किसी देरी के शुरू किया जा सका.
सरूबाई मुंजवार सड़क पार करते समय तेज रफ्तार दोपहिया वाहन की चपेट में आ गई थीं. हादसे में उनकी बाईं जांघ में गंभीर चोट आई. उन्हें उपचार के लिए फलटण के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी. उपचार पर लगभग 1.25 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान था, जिससे परिवार आर्थिक परेशानी में आ गया. परिजनों को मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि योजना की जानकारी मिलने पर अस्पताल के सहयोग से 25 जून को आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया. आवेदन मिलते ही मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि कक्ष ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई की और केवल 24 घंटे के भीतर सहायता राशि मंजूर कर दी. परिवार ने समय पर मिली आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त किया.
मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जरूरतमंद मरीजों को कम से कम समय में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने बताया कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूर्ण आवेदन प्राप्त होने पर सहायता राशि शीघ्र मंजूर की जाती है. मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि से संबंधित अधिक जानकारी या मार्गदर्शन के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 123 2211 पर संपर्क किया जा सकता है.

Back to top button