शिक्षकों के 116 दिन के आंदोलन को मिली सफलता

समग्र शिक्षा कर्मचारियों के स्थायीकरण के फैसले का स्वागत

मुंबई/दि.3- समग्र शिक्षा संघर्ष समिति के नेतृत्व में मुंबई के आजाद मैदान में पिछले 116 दिनों से चल रहे आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है. राज्य मंत्रिमंडल ने समग्र शिक्षा अंतर्गत कार्यरत अधिकांश पदों पर कर्मचारियों को स्थायी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिससे शिक्षक एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है. शिक्षक महासंघ ने इस आंदोलन को शुरू से ही समर्थन दिया था. महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मुंबई के आजाद मैदान में चल रहे आंदोलन को प्रत्यक्ष रूप से समर्थन देने के साथ-साथ नागपुर सहित राज्यभर में हुए आंदोलनों में भी लगातार शिक्षकों और कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समर्थन किया गया.
समग्र शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों ने 116 दिनों तक शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संयमित तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया. उनके इसी संघर्ष को देखते हुए राज्य सरकार ने मंत्रिमंडल की बैठक में अधिकांश पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने का निर्णय लिया. इसे समग्र शिक्षा परिवार की एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत माना जा रहा है. इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री ऊर्शींशपवीर ऋरवपर्रींळी का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि सरकार ने शिक्षकों और कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों पर सकारात्मक विचार कर सराहनीय कदम उठाया है.
निर्णय की घोषणा के बाद आजाद मैदान में समग्र शिक्षा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने खुशी मनाई. गुलाल उड़ाकर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर इस जीत का उत्सव मनाया गया.
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सफलता संगठन की एकजुटता, धैर्य और लंबे संघर्ष का परिणाम है. साथ ही आंदोलन के दौरान जिन दो शिक्षकों का निधन हुआ, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा गया कि उनका योगदान और त्याग सदैव याद रखा जाएगा.
शिक्षक महासंघ ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी शिक्षकों और कर्मचारियों के न्यायसंगत अधिकारों के लिए वह इसी तरह मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा.

 

Back to top button