श्रीकृष्ण मंदिर के पास अतिक्रमण पर मनपा सख्त

सीमांकन के बाद होगी कार्रवाई

अमरावती/दि.3- अमरावती मनपा ने मौजा जेवड़ स्थित सर्वे नंबर 27/2 में श्रीकृष्ण मंदिर के समीप सरकारी भूमि पर हुए कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. पहले संबंधित अतिक्रमणकारियों को जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर गुरुवार को मनपा के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण कर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी.
महापौर श्रीचंद तेजवानी की मौजूदगी में मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, उपायुक्त योगेश पिठे, गटनेता डॉ. राजेंद्र तायडे सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने अतिक्रमित भूमि की स्थिति, निर्माण की प्रकृति तथा उपलब्ध राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान राजस्व एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को भूमि का सटीक माप और सीमांकन करने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सीमांकन रिपोर्ट प्राप्त होते ही नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. मनपा अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पक्ष को पहले स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण अब निगम को कानूनी प्रक्रिया अपनानी पड़ रही है. प्रशासन ने दोहराया कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
मनपा के अनुसार, श्रीकृष्ण मंदिर परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है. मंदिर के समीप हुए अतिक्रमण के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित होने और असुविधा की शिकायतें प्राप्त हुई थीं. इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है. मनपा प्रशासन ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं. सीमांकन और माप की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा. साथ ही प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर की अन्य सरकारी एवं सार्वजनिक जमीनों पर हुए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button