‘कोणार्क’ के खिलाफ ‘एमआयएम’ ने फिर खोला मोर्चा

ट्रांसपोर्ट नगर में मिनी कंपोस्ट डिपो के पास शुरू किया आंदोलन

* मिनी कंपोस्ट डिपो को तुरंत हटाने की उठाई पुरजोर तरीके से मांग
* परिसर में विद्युत सबस्टेशन शुरू किए जाने का जबर्दस्त आग्रह
* शहराध्यक्ष हाजी इरफान व मनपा गटनेता अब्दुल हमीद के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
* एमआयएम के सभी नगरसेवक व पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल
अमरावती/दि.6 – स्थानिय ट्रान्सपोर्टनगर स्थित मिनी कंपोस्ट डिपो को हटाकर वहां पर विद्युत सबस्टेशन बनाए जाने की मांग को लेकर एमआयएम पार्टी के पदाधिकारियों व पार्षदों ने आज एक बार फिर उग्र भूमिका अपनाते हुए आंदोलन करना शुरू किया तथा एक तरह से कोणार्क कंपनी सहित मनपा प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त ढंग से मोर्चा खोल दिया.
एमआयएम के शहराध्यक्ष हाजी इरफान खान व मनपा गटनेता अब्दुल हमिद की अगुवाई में किए गए इस आंदोलन के दौरान एमआयएम के पदाधिकारियों व पार्षदों का कहना रहा कि उन्होंने इससे पहले भी इस परिसर से कंंपोस्ट डिपो को हटाने के लिए धरना प्रदर्शन व आंदोलन किया था तथा उस समय मनपा प्रशासन द्वारा ट्रान्सपोर्ट नगर से मिनी कंपोस्ट डिपो को हटाए जाने के संदर्भ में लिखित तौर पर आश्वासन दिया गया था. लेकिन इसके बावजूद भी उक्त कंपोस्ट डिपो को ट्रान्सपोर्टनगर परिसर से हटाया नहीं गया. बल्कि यहां पर कोणार्क कंपनी की गाडियों को खडे रखने हेतु जेसीबी मशिन से बडे-बडे गड्डे खोदे गए. आज इन्ही गड्डों में बैठकर एमआयएम के पार्षदों व पदाधिकारियों ने कोणार्क कंपनी सहित मनपा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मिनी कंपोस्ट डिपो को यहां से हटाए जाने तक अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान भी किया.
इस आंदोलन की जानकारी मिलते ही मनपा प्रशासन के कई आला-अधिकारी तुरंत ही दौडते-भागते मौके पर पहुंचे तथा कंपोस्ट डिपो को जल्द से जल्द हटाने और ट्रान्सपोर्टनगर में जल्द ही विद्युत सबस्टेशन स्थापित करने की बात कही. इसके बाद एमआयएम पार्षदों व पदाधिकारियों ने अपने आंदोलन को अगले कुछ दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया. इस समय एमआयएम के शहराध्यक्ष हाजी इरफान खान, उपाध्यक्ष मो. इकबाल, मनपा गटनेता अब्दुल हमिद, पार्षद सैय्यद राशिद अली, अहमद शाह, आसिया अंजुम वहिद खान, बिबी बातुल ताहेर शाह, डॉ. मरियम बानो इस्माईल राराणी, नुजहत परवीन, शाकिर हुसैन, फरहानाज अहद अली तथा सैय्यद मुनज्जर अली सहीत एमआयएम की कोर कमिटी के सदस्य उपस्थित थे.

Back to top button