‘एक हाथ मदद का’ अभियान के तहत बेसहारा वृद्धा को मिला सहारा

पीडब्ल्यूडी कैंप परिसर में मिली नांदेड की 70 वर्षीय सुंदराबाई ठाकुर

अमरावती/दि.7- मनपा के ‘एक हाथ मदद का’ अभियान के तहत एक बेसहारा वृद्ध महिला को समय रहते सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया. सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कैंप परिसर में लगभग 70 वर्षीय श्रीमती सुंदराबाई जग्गू सिंह ठाकुर (भगतसिंह रोड, नांदेड) अकेली और असहाय अवस्था में मिली.
वृद्ध महिला को सबसे पहले रवींद्र फुले और उनके सहयोगियों ने देखा. उन्होंने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उन्हें फ्रेजरपुरा पुलिस थाने पहुंचाया. वहां से आधार केंद्र के संचालक राजीव बसवनाथे को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही महज 10 मिनट के भीतर राजीव बसवनाथे, ज्योति राठोड तथा स्वास्थ्य विभाग के चालक नितिन नांदुरकर की टीम पुलिस थाना पहुंची और वृद्ध महिला को अपने संरक्षण में लेकर आधार केंद्र में भर्ती कराया. प्राथमिक पूछताछ में सुंदराबाई ठाकुर ने बताया कि, उनके दो बेटे और दो बेटियां थी. दोनों बेटों तथा उनके पति का निधन हो चुका है, वर्तमान में उनकी दो बेटियां हीरा और तारा है.
उन्होंने बताया कि, हीरा की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जबकि तारा होमगार्ड में कार्यरत है. आधार केंद्र के अनुसार वृद्ध महिला की स्मरण शक्ति कमजोर हो गई है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक उनका उपचार और देखभाल की जाएगी. इसके बाद काउंसलिंग के माध्यम से उनके परिवार और निवास संबंधी अधिक जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि उन्हें सुरक्षित उनके नांदेड स्थित घर पहुंचाया जा सके. पूरी कार्रवाई बेहद कम समय में पूरी होने पर फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी, पुलिस कर्मियों तथा उपस्थित पत्रकारों ने आधार केंद्र की टीम की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की. अभियान से जुडो लोगों ने कहा कि, जरुरतमंद और बेसहारा लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है.

Back to top button