अमरावती के नमूना परिसर के मकान में लगी आग
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

* दो सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाले
अमरावती/दि.8– अमरावती मनपा के अग्निशमन विभाग की तत्परता से मंगलवार शाम शहर के नमूना गली क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया. एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने की घटना में दमकल कर्मियों ने साहसिक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया और दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस घटना में करीब 70 से 80 हजार रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
अग्निशमन विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को शाम 6.50 बजे पुष्पा शरदचंद्र देशमुख ने नियंत्रण कक्ष को फोन कर सूचना दी कि नमूना गली क्रमांक-6, काले अस्पताल के पास स्थित मकान में गैस सिलेंडर में आग लग गई है. सूचना मिलते ही अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे और शिफ्ट इंचार्ज सुनील काकड़े के निर्देश पर फायर लॉरी एमएच-27 बीएक्स-6913 तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और 6.54 बजे मौके पर पहुंच गई. मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि आग मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए से रहने वाली छात्राओं के कमरे में लगी थी. संकरी गली, धुएं और तेज गर्मी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं. रास्ता संकरा होने और वाहनों की आवाजाही से बाधा उत्पन्न होने पर मुख्यालय से अतिरिक्त दमकल सहायता भी भेजी गई.
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. इसके बाद एलपीजी सिलेंडर का रेगुलेटर बंद कर उसे चूल्हे से अलग किया गया और कमरे से दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में संभावित बड़े विस्फोट और भारी नुकसान का खतरा टल गया. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली. आग में छात्राओं के किताबें, गैस सिलेंडर, मिक्सर, पंखा और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, करीब 70 से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. अग्निशमन विभाग की तत्परता से मकान के अन्य हिस्सों और आसपास की इमारतों को सुरक्षित बचा लिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची. इसके अलावा स्थानीय नगरसेविका लविना हर्षे तथा एमएसईबी के कर्मचारी शिरीष भालेराव, कुंजर ठाकूर और लढ्ढा ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर बचाव कार्य में सहयोग किया. इस अभियान में वाहन चालक नितीन इंगोले और सागर टपके के साथ फायरमैन अमोल सालुंखे, राजेश गजबे, निखिल बाठे और जयकुमार वानखेडे शामिल रहे. दमकल विभाग ने बताया कि सौभाग्य से इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई.