ऑनलाइन जुआ अड्डे पर छापा, दो गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की यशोदानगर में कार्रवाई

अमरावती /दि.8– अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने अवैध ऑनलाइन जुआ रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यशोदा नगर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से 14 हजार 380 रुपये नकद और ऑनलाइन जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम यशोदानगर निवासी सूरज उर्फ भूया बबन ढोके (19) और चवरे नगर निवासी नीलेश किसन थोरात (21) है.
पुलिस के अनुसार, शहर में चल रहे अवैध धंधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत 7 जुलाई को क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर को गोपनीय जानकारी मिली कि यशोदा नगर क्रमांक-1, गली क्रमांक-2 स्थित एक दुकान में ‘फन टारगेट’ और ‘गोल्डन चांस’ वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन ‘चकरी’ जुआ खिलाया जा रहा है. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दुकान पर छापा मारा. मौके पर दो युवक कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन जुआ खेलते मिले. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 14,380 रुपये नकद तथा ऑनलाइन जुआ संचालित करने का सामान जब्त किया.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम यशोदानगर निवासी सूरज उर्फ भूया बबन ढोके (19) और चवरे नगर निवासी नीलेश किसन थोरात (21) है. दोनों आरोपियों के खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंध अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अतुल वर और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से की.





