पीडीएमसी परिसर में दिखा तेंदुआ
निर्माणाधीन क्षेत्र और ऑडिटोरियम के पास मिले पदचिन्ह

* मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी
* विद्यार्थियों व कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील
अमरावती/दि.8– शहर के डॉ. पंजाबराव उर्फ भाऊसाहेब देशमुख स्मृति वैद्यकीय महाविद्यालय (पीडीएमसी) एवं अस्पताल परिसर में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका के बाद प्रशासन ने सतर्कता संबंधी निर्देश जारी किए हैं. परिसर में चल रहे निर्माण कार्य क्षेत्र तथा ऑडिटोरियम के समीप तेंदुए के पदचिन्ह मिलने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और मरीजों में चिंता का माहौल है. महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल देशमुख द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में तेंदुए की गतिविधियों के संकेत मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों, अध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों तथा निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
सूत्रों के अनुसार मंगलवार को परिसर में एक तेंदुआ भवन की ऊपरी स्लैब पर बैठा हुआ दिखाई देने की भी जानकारी सामने आई है. हालांकि वन विभाग और प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है. परंतु संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने तुरंत ही सुरक्षा निर्देश जारी किए. महाविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधितों से निम्नलिखित सावधानियां बरतने का आग्रह किया है कि रात के समय परिसर में अकेले घूमने से बचें. अत्यावश्यक स्थिति में समूह के साथ ही बाहर निकलें. अंधेरे स्थानों पर जाते समय मोबाइल टॉर्च या अन्य प्रकाश व्यवस्था का उपयोग करें. तेंदुआ या उसकी किसी भी गतिविधि के दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षा विभाग अथवा प्रशासन को सूचना दें. अफवाहों पर विश्वास न करें तथा वन विभाग और कॉलेज प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. कॉलेज प्रशासन ने मेडिकल अधीक्षक, विभाग प्रमुखों, सुरक्षा विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और निर्माण स्थलों के प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. सभी विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपने विभाग के कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दें.
इसके साथ ही तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग की टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. परिसर में निगरानी बढ़ाई गई है और संभावित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. वन विभाग सहित मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सभी से संयम बनाए रखने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.





