चरित्र पर संदेह में पति ने पत्नी पर बरसाईं तीन गोलियां

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

* नांदेड जिले के लोहा शहर की घटना
नांदेड़/दि.8- महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के लोहा शहर में चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर देसी पिस्तौल से तीन गोलियां चला दीं. घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक लोहा की शिक्षक कॉलोनी में सोमवार देर रात विशाल जाधव और उसकी पत्नी अर्चना जाधव के बीच विवाद हुआ. बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी से तुमने काका से बात क्यों की? कहते हुए उसके चरित्र पर संदेह जताया. विवाद बढ़ने पर उसने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर कमर में रखी देसी पिस्तौल निकालकर उस पर लगातार तीन गोलियां चला दीं. फायरिंग में एक गोली महिला के कान को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसकी पीठ में लगी. गंभीर रूप से घायल अर्चना को परिजनों ने तुरंत नांदेड़ के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने ससुर को फोन कर कहा, मैंने आपकी बेटी को गोली मार दी है, अब आपके पास आ रहा हूं, और इसके बाद मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. नीलाभ रोहन सहित पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक आरोपी विशाल जाधव के खिलाफ मई 2023 में पेट्रोल पंप लूट का मामला भी दर्ज है और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. वह निजी वाहन चालक का काम करता है तथा उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामलों में भी संलिप्तता की जानकारी सामने आई है. फिलहाल, स्थानीय अपराध शाखा और लोहा पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.

Back to top button