‘7 सितंबर को ठाकरे के 15 विधायक चले जाएंगे’
हिंदुस्तानी भाऊ का सनसनीखेज दावा

* संजय राउत पर भी साधा निशाना
मुंबई /दि.8- अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित दान चोरी के विरोध में शिवसेना उबाठा द्वारा शुरू किए गए ‘राम रक्षा आंदोलन’ के बीच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस फेम हिंदुस्तानी भाऊ ने उद्धव ठाकरे को लेकर बड़ा दावा किया है. इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा कि सितंबर तक पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लग सकता है. हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है.
वीडियो में हिंदुस्तानी भाऊ ने कहा, उद्धव साहेब, जय महाराष्ट्र, जय श्रीराम मैंने पहले भी कहा था कि संभल जाइए, नहीं तो 15 विधायक और 25 नगरसेवक जाने वाले हैं. सचिन अहिर पहला धमाका हैं. 7 सितंबर की तारीख याद रखिए, उस दिन बहुत कुछ होने वाला है. उन्होंने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत पर भी तीखा हमला बोला. वीडियो में भाऊ ने राउत को भांडुप का नकली अनिल कपूर कहते हुए उन पर व्यंग्य किया और कई राजनीतिक टिप्पणियां कीं.
* राम रक्षा आंदोलन के जरिए हिंदुत्व पर फिर फोकस
उधर, श्रीराम मंदिर में कथित दान चोरी के मुद्दे को लेकर उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी कट्टर राष्ट्रभक्त हिंदू है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनका चुनाव चिह्न छीन लिया, लेकिन अब उनकी पार्टी के पास मशाल है और इसी के दम पर अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी. इसी बीच पार्टी में संभावित टूट की अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे ने ‘मातोश्री’ में अपने विधायकों की बैठक बुलाई. बैठक में अधिकांश विधायक मौजूद रहे. हाल ही में सचिन अहिर के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने के बाद इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. हिंदुस्तानी भाऊ द्वारा किए गए 15 विधायकों और 25 नगरसेवकों के पार्टी छोड़ने संबंधी दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित राजनीतिक दल की ओर से भी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.





