दिल्ली में अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस के बीच बंद कमरे में हुई अहम बैठक

दो बड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली /दि.8- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच मंगलवार शाम दिल्ली में करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में अहम बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं ने महाराष्ट्र की राजनीतिक रणनीति, केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महाराष्ट्र के नेताओं को जिम्मेदारी देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.
जानकारी के अनुसार, यह बैठक शाम करीब 7 बजे शुरू हुई और रात 10 बजे तक चली. इससे पहले अमित शाह की अध्यक्षता में नर्मदा परियोजना को लेकर चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक आयोजित की गई थी. इसी बैठक के बाद शाह और फडणवीस के बीच अलग से मुलाकात हुई. सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में फिलहाल किसी तरह के फेरबदल पर चर्चा नहीं हुई और निकट भविष्य में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार या बदलाव की संभावना नहीं है. अमित शाह ने इसी दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से भी अलग से मुलाकात की.
* नर्मदा परियोजना पर बनी महत्वपूर्ण सहमति
नर्मदा परियोजना को लेकर आयोजित बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन, अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में नर्मदा नदी के जल बंटवारे, परियोजना प्रभावितों के पुनर्वास और भूमि मुआवजे से जुड़े वर्षों पुराने लंबित मुद्दों पर महत्वपूर्ण सहमति बनने की जानकारी सामने आई है.
* शरद पवार गुट के एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर फडणवीस का जवाब
मुंबई में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और शरद पवार गुट के नेता जयंत पाटील की मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के महायुति में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं. हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, महाराष्ट्र से एनडीए में कोई नया दल शामिल नहीं होने जा रहा है. फिलहाल जो दल एनडीए का हिस्सा हैं, वही बने रहेंगे. किसी नए दल को शामिल करने पर कोई चर्चा नहीं चल रही है. फडणवीस ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा शरद पवार के नेतृत्व वाले दल के किसी विधायक या सांसद को तोड़ने का प्रयास नहीं कर रही है.

Back to top button