आषाढ़ी एकादशी पर अमरावती से पंढरपुर के लिए 254 विशेष एसटी बसें चलेंगी

40 श्रद्धालु होने पर गांव से मिलेगी सीधी बस

अमरावती/दि.8 – आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल ने अमरावती जिले से 254 विशेष बसें चलाने का निर्णय लिया है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 36 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा.
यह विशेष बस सेवा 17 जुलाई से 31 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी. 25 जुलाई को आषाढ़ी एकादशी होने के कारण 17 जुलाई से पंढरपुर के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी. 28 जुलाई तक श्रद्धालुओं को पंढरपुर पहुंचाया जाएगा, जबकि 28 से 31 जुलाई के बीच उनकी वापसी के लिए विशेष फेरे संचालित किए जाएंगे. अमरावती जिले के आठ एसटी डिपो से रवाना होने वाली सभी विशेष बसों का अंतिम पड़ाव पंढरपुर के भीमा बस स्टैंड पर होगा. श्रद्धालुओं को यहीं उतारा जाएगा और वापसी के लिए भी बसें इसी स्थान से उपलब्ध रहेंगी. एसटी महामंडल ने महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लागू सरकारी रियायतों को भी जारी रखने का फैसला किया है. ‘महिला सम्मान योजना’ के तहत महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जबकि ‘अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना’ के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी. लंबी दूरी की इन सेवाओं के लिए मुख्य रूप से ‘लालपरी’ एसटी बसों का उपयोग किया जाएगा.
महामंडल ने यह भी घोषणा की है कि यदि किसी भी गांव से 40 या उससे अधिक श्रद्धालु पंढरपुर जाने के लिए आवेदन करते हैं, तो उस गांव से सीधी विशेष बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए इच्छुक श्रद्धालुओं को अपने निकटतम एसटी डिपो से संपर्क करने की सलाह दी गई है. श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एसटी के यातायात नियंत्रक और सुरक्षा कर्मी स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर यातायात व्यवस्था संभालेंगे. इससे आषाढ़ी वारी के दौरान यात्रा और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है.

Back to top button