चाकू की नोंक पर कृषि अधिकारी से सवा लाख के सोने के गहने लूटे
रास्ता पूछना पड़ा महंगा

* बेटी ने मोबाइल में कैद किया वारदात का वीडियो
नागपुर /दि.8- नागपुर के बुटीबोरी इलाके में रास्ता पूछना एक कृषि अधिकारी के लिए भारी पड़ गया. दो बाइक सवार बदमाशों ने पहले कार सवार परिवार को रास्ता बताया, फिर उनका पीछा कर बीच सड़क पर कार रोक ली और चाकू की नोक पर दंपति से करीब 1.26 लाख रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गए. इस पूरी वारदात का वीडियो कार की पिछली सीट पर बैठी उनकी बेटी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है.
जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की शाम कृषि अधिकारी सुशांत हजारे अपनी पत्नी और बेटी के साथ कार से बुटीबोरी की ओर जा रहे थे. नागपुर-फुकेश्वर-बुटीबोरी मार्ग पर वे रास्ता भटक गए. सही रास्ता जानने के लिए उन्होंने बाइक पर जा रहे दो युवकों से मदद मांगी. युवकों ने रास्ता तो बता दिया, लेकिन इसके बाद उन्होंने कार का पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ दूरी पर दोनों बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया. इसके बाद चाकू दिखाकर दंपति को जान से मारने की धमकी दी और सुशांत हजारे की सोने की चेन तथा उनकी पत्नी का मंगलसूत्र छीन लिया. लूटे गए गहनों की कीमत करीब 1 लाख 26 हजार रुपये बताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए.
घटना के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठी दंपति की बेटी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में आरोपियों के हाथ में चाकू और उनकी हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है और पुलिस जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है. घटना के बाद आसपास के कुछ लोगों ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे रास्ता बदलकर भाग निकले. पीड़ित की शिकायत पर बुटीबोरी पुलिस थाने में अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. हालांकि घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद, वीडियो में आरोपियों के चेहरे कैद होने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इसे लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस की जांच को लेकर नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है.





