3.81 करोड़ रुपये के सोयाबीन बीज की बिक्री पर रोक
561 शिकायतों के बाद कृषि विभाग की कार्रवाई

अमरावती/दि.11– जिले में सोयाबीन के बीजों के कम अंकुरण की बढ़ती शिकायतों के बीच कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह कंपनियों के 3.81 करोड़ रुपये मूल्य के 2,492.57 क्विंटल सोयाबीन बीज स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी है. यह आदेश कृषि विभाग के संयुक्त संचालक ने जारी किया है. जिले में अब तक 561 शिकायतों की जांच प्रक्रिया जारी है, जबकि विभाग को कुल 3 हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं. लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र संबंधित बीज लॉट के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं.
संयुक्त कृषि संचालक गणेशराव घोरपड़े ने बताया कि जिन कंपनियों के बीजों के संबंध में सबसे अधिक शिकायतें मिली हैं, उनके नमूनों की जांच कराई जा रही है. जांच पूरी होने तक संबंधित स्टॉक की बिक्री पर रोक लगाई गई है, ताकि किसानों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके. शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए एसडीओ की अध्यक्षता वाली समिति के साथ-साथ मंडल कृषि अधिकारियों, तहसील कृषि अधिकारियों और सहायक कृषि अधिकारियों की अतिरिक्त समिति भी गठित की गई है. इससे निरीक्षण और जांच की प्रक्रिया में तेजी आई है. वहीं, कृषि इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मिलिंद इंगोले ने कहा कि डीलर कंपनियों से सीलबंद बीज खरीदते हैं. यदि किसी लॉट में गुणवत्ता संबंधी समस्या है या बुआई के दौरान अन्य कारणों से अंकुरण प्रभावित हुआ है, तो इसकी जांच कृषि विभाग को करनी चाहिए. इसमें विक्रेताओं की कोई गलती नहीं होती. जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी अर्चना निस्थान ने कहा कि जिन बीजों के संबंध में सबसे अधिक शिकायतें मिली हैं, उनके स्टॉक की बिक्री रोकने के आदेश दिए गए हैं. जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.





