वर्षों से लंबित नाले की समस्या का समाधान
वर्षों से लंबित नाले की समस्या का समाधान

चांदुर रेलवे/दि.11– शहर के पुराने मोटर स्टैंड क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलनिकासी की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है. नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था किए जाने से बरसात का पानी अब सड़क पर जमा नहीं हो रहा है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों को बड़ी राहत मिली है.
पुराने मोटर स्टैंड के समीप स्थित नाला लंबे समय से बंद होने के कारण बारिश का पानी और गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता था. इससे पूरे क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की स्थिति बन जाती थी. राहगीरों के साथ-साथ दुकानदारों और व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. इस वर्ष नगर परिषद प्रशासन, सार्वजनिक बांधकाम विभाग, नगराध्यक्ष प्रियंका विश्वकर्मा तथा वार्ड के नगरसेवक पप्पू भालेराव के प्रयासों से नाले की पूरी तरह सफाई कर जल निकासी की उचित व्यवस्था की गई. साथ ही आवश्यक निर्माण कार्य कर बारिश के पानी को नाले की ओर मोड़ दिया गया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने इस कार्य के लिए नगर परिषद प्रशासन, नगराध्यक्ष प्रियंका विश्वकर्मा तथा नगरसेवक पप्पू भालेराव का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े ऐसे कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे.