रनिंग के बाद पूर्णा नदी में नहाने गये दो छात्रों की डूबने से मौत
बुलढाणा जिले के मानेगांव की घटना

नांदूरा /दि.13 – रनिंग के लिए रविवार को सुबह घर के बाहर निकले नांदूरा निवासी 8 वीं कक्षा में सिखने वाले तीन विद्यार्थियों में से दो लोगों की मानेगांव के पूर्णा नदी में डूबकर मृत्यु हो गई. जबकि तीसरे विद्यार्थी को ग्रामवासियों की सतर्कता के कारण बचाने में सफलता मिली. रविवार 12 जुलाई को सुबह 9 बजे के दौरान यह घटना घटित हुई. मृतक छात्रों के नाम नांदूरा निवासी प्रतीक शिवलाल वानखेडे (13), श्रीकृष्ण बालू भोपले है. जबकि सकुशल बाहर निकाले गये छात्र का नाम मिलिंद अजय वाकोडे (13) है.
जानकारी के मुताबिक तीनों दोस्त रविवार को सुबह रनिंग करते हुए मानेगांव के पूर्णा नदी तक पहुंचे. पश्चात नदी के छोटे पुल के नीचे जलाशय में नहाने के लिए उतरे. नदी की गहराई का अनुमान न लगने से प्रतीक और श्रीकृष्ण का संतुलन बिगड गया और वे डूबने लगे. कम पानी में रहे मिलिंद ने चीखपुकार करते हुए दोनों को बचाने का प्रयास किया. तब नदी किनारे खेतों में काम कर रही नलिनी सोपान पाखरे ने चीख सुनते ही घटनास्थल दौड लगाई. उसी समय तिवडी-अजमपुर के घाईट परिवार के कुछ लोग नदी किनारे धार्मिक विधि के लिए पहुंचे थे. उन्होंने भी तत्काल सहायता के लिए दौड लगाते हुए मिलिंद को पानी के बाहर निकाला. घटना की जानकारी मिलते ही मानेगांव के जलदूत और ग्रामवासियों ने तत्काल खोज अभियान शुरु किया.





