मुझे मार डालेंगे आखिरी फोन के बाद बीएसएफ जवान की पत्नी की संदिग्ध मौत
दहेज हत्या के आरोप में 5 आरोपी गिरफ्तार

वर्धा /दि.13- महाराष्ट्र के वर्धा जिले के सेलू तहसील स्थित हेलोडी (बोरगांव) गांव में सीमा सुरक्षा बल के एक जवान की 22 वर्षीय नवविवाहित पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान मनीषा विनोद मोहिते के रूप में हुई है. मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने पति समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों को सोमवार को सेलू न्यायालय में पेश किया गया.
जानकारी के मुताबिक मनीषा का विवाह 27 मार्च 2024 को बीएसएफ जवान विनोद मोहिते से हुआ था. विवाह के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष कार और नकदी की मांग करता था तथा मनीषा के साथ मारपीट करता था. बेटी का घर बचाने के लिए परिवार ने करीब पांच लाख रुपये भी दिए, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई. मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में मनीषा तीन माह की गर्भवती थी, तब उसके पति ने गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना मानने से इनकार कर दिया. इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसका गर्भपात हो गया. घटना के बाद वह कुछ समय मायके में रही, लेकिन करीब एक माह पहले समझौते के बाद ससुराल लौट गई थी.
परिजनों के मुताबिक, मौत से एक दिन पहले मनीषा ने फोन कर रोते हुए कहा था, मुझे बहुत मारा जा रहा है, ये लोग मुझे मार डालेंगे. उसने अपने शरीर पर चोटों के फोटो और वीडियो भी मायके भेजे थे. इसके अगले दिन पति का फोन आया, जिसमें मनीषा के आत्महत्या करने की सूचना दी गई. अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के कई निशान होने का दावा किया. जानकारी के मुताबिक मनीषा का शव घर में फंदे से लटका मिला था. पोस्टमार्टम के लिए शव को वर्धा जिला अस्पताल भेजा गया. घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया. इस मामले में पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना तथा हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें आज सेलू न्यायालय में पेश किया जाएगा. मामले की जांच जारी है.





