पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संपर्क के मामले में एटीएस की बड़ी कार्रवाई

पुणे व पिंपरी-चिंचवड़ धरे गए 45 संदिग्ध

पुणे व पिंपरी-चिंचवड़ धरे गए 45 संदिग्ध
* पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, लगातार चल रही छापेमारी
पुणे/दि.14- महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने मंगलवार को पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाते हुए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संपर्क रखने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. सूत्रों के अनुसार, एटीएस की निगरानी में कुल 66 संदिग्ध थे, जिनमें से अब तक 45 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. एटीएस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से शहजाद भट्टी या उससे जुड़े खातों के संपर्क में थे. इसी आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू की है.
सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि संपर्क केवल ऑनलाइन बातचीत तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था. एटीएस अधिकारियों द्वारा संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है.
हालांकि सूत्रों से कार्रवाई की जानकारी सामने आई है, लेकिन एटीएस और पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई औपचारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है. इसलिए हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के खिलाफ कौन-कौन सी धाराएं लगाई जाएंगी और आगे क्या कानूनी कार्रवाई होगी, इस पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं. जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
* बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने का संदेह
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को आसान कमाई तथा अधिक धन का लालच देकर इस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी. जांचकर्ताओं को शक है कि ऐसे युवाओं का उपयोग भविष्य में स्थानीय एजेंट या स्लीपर सेल के रूप में किया जा सकता था. सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच केवल सोशल मीडिया संपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि संभावित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार आपूर्ति और संवेदनशील सूचनाएं जुटाने जैसी गतिविधियों के पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
* कौन है शहजाद भट्टी?
शहजाद भट्टी पाकिस्तान के लाहौर का निवासी बताया जाता है और उसके दुबई से संचालित होने वाले नेटवर्क के विभिन्न आपराधिक गिरोहों से संबंध होने की चर्चा है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बनाने का प्रयास करता है. पिछले कुछ महीनों में भारत में सामने आए कुछ संदिग्ध भर्ती और जासूसी संबंधी मामलों में भी उसका नाम चर्चा में आया था. इसी पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र एटीएस ने उसके संभावित नेटवर्क की जांच तेज कर दी है.

Back to top button