पैसे लूटकर युवक के साथ मारपीट

ऑटो चालक पर भी हमला, मामला दर्ज

* फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.14 – शहर में एक युवक से मारपीट कर नकदी लूटने और बीच-बचाव करने आए ऑटो चालक के साथ भी मारपीट एवं वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह घटना फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर परिसर के बौद्ध विहार के पास रविवार 12 जुलाई की रात 10 बजे के दौरान घटित हुई. आरोपी का नाम जुबेर खान (30) और दो अन्य है.
जानकारी के मुताबिक घटना के समय पीड़ित योगेश ज्ञानेश्वर गवई (40) अपनी बाइक से घर जा रहा था. तभी उसके मित्र विनोद सवई ने उसे आवाज देकर रोका. इसी दौरान आरोपी जुबेर खान (30) अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और जबरन पीड़ित की जेब से 1200 रुपये निकाल लिए. विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी से उसके बाएं गाल और हाथ पर हमला कर घायल कर दिया तथा गाली-गलौज की. इसी दौरान वहां मौजूद ऑटो चालक मोहम्मद रफीक अब्दुल रहमान भी आरोपियों के निशाने पर आ गया. आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से 1100 रुपये निकाल लिए, उसके साथ मारपीट की, लात-घूंसे मारे तथा उसकी ऑटो का अगला शीशा भी तोड़ दिया. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट और तोड़फोड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की तलाश जारी है.

Back to top button